कोरोना अलर्टः चेन्नई एयरपोर्ट के बाद अब बाबतपुर एयरपोर्ट पर लगेगा थर्मल स्कैनर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हवाई यात्रा कर वापस आने या फिर यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के फिट होने की रिपोर्ट अब एयरपोर्ट पर ही मिल जाएगी। इसके लिए लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पर हाईटेक थर्मल स्कैनर मशीन लगवाने की तैयारी है। अब तक यह मशीन केवल चेन्नई एयरपोर्ट पर ही लगी है।
इसकी खासियत है कि इसके लगने के बाद एयरपोर्ट से आने जाने वाले यात्रियों के शरीर के तापमान के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां तुंरत मिल जाएगी, जिससे कि यात्री को जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा सकें। कोरोना के प्रकोप के बीच इस मशीन के लगाने की नई पहल स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही है।
चीन में फैले कोरोना वायरस के प्रकोप से लोग अब चीन छोड़कर घर लौटने लगे हैं। एहतियात के तौर पर बाबतपुर एयरपोर्ट पर हेल्प डेस्क बनाकर आने जाने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें अस्पताल लाकर जांच कराई जा रही है। अब तक एयरपोर्ट पर जिस मशीन से जांच की जा रही है, वह हैंड डिवाइस है, इससे केवल सामान्य जांच ही हो पा रही है।
अब थर्मल स्कैनर से यात्री की पूरी बॉडी का चेकअप किया जा सकेगा। इसमें सामान्य तापमान से लेकर अगर कोई असामान्य स्थिति है तो उसकी रिपोर्ट तुरंत मिल जाएगी। बुधवार को जांच करने आई केंद्रीय स्वास्थ्य टीम के माध्मय से इस तरह का प्रस्ताव स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग ने भेजा है।
एयरपोर्ट पर बने हेल्प डेस्क के प्रभारी डॉ. शेर मोहम्मद ने बताया कि नई मशीन के लगने के बाद शरीर के तापमान सहित अन्य जानकारियां मिल सकेंगी। बताया कि किसी व्यक्ति के शरीर का सामान्य तापमान 98.5 डिग्री फारनहाइट होना चाहिए। अगर इससे अधिक आता है तो उसे अस्पताल ले जाकर एहतियात तौर के तौर पर जांच करानी जरूरी है। इस मशीन से इसकी जानकारी मिल जाएगी।
जानें थर्मल स्कैनर के बारे में
असल में थर्मल स्कैनर एक ऐसा उपकरण है, जिसके माध्यम से कोरोनावायरस या फिर ऐसे ही किसी अन्य रोग से ग्रस्त व्यक्ति की पहचान की जा सकती है। यह स्कैनर एक स्वस्थ व्यक्ति और विषाणु से ग्रस्त व्यक्तिय में स्पष्ट अंतर बताता है। थर्मल स्कैनर की सबसे खास बात यह है कि इससे निकलने वाली तरंगों का कोई दुष्प्रभाव मानव शरीर पर नहीं पड़ता है। हालांकि, इसका उपयोग प्रशिक्षण प्राप्त विशेषज्ञ की देखरेख में ही संभव है।
जानें थर्मल स्कैनर की कार्यशैली
सामान्य रूप से थर्मल स्कैनिंग को लेकर लोगों के मन में एक अनजाना सा डर रहता है। सामान्य लोग थर्मल स्कैनिंग को सीटी-स्कैन जैसी ही किसी मशीन से जोड़कर देखते हैं। हालांकि, थर्मल स्कैनिंग मानव शरीर की जांच के सबसे आसान उपायों में से एक है और इसके लिए किसी भी व्यक्ति को किसी भारी भरकम मशीन से होकर नहीं गुजरना पड़ता है।
युवक के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव
चीन से लौटे जिस युवक का सैंपल सोमवार को दीनदयाल अस्पताल में लिया गया था, उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि एहतियात के तौर पर उसका सैंपल लखनऊ भेजा गया था। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इसकी जानकारी संबंधित व्यक्ति को भी दी जा चुकी है।
केंद्रीय टीम ने पकड़ी मॉस्क की गुणवत्ता में कमी
कोरोना वायरस के डर से चीन छोड़कर वापस आने वाले लोगों की जांच, इलाज के लिए मॉस्क की गुणवत्ता पर विशेष जोर देने का निर्देश प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने दिया है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के सभी सीएमओ, सीएमएस, एसआईसी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रमुख सचिव ने एन 95 क्वालिटी वाले मॉस्क को लगाने का निर्देश दिया।
इससे पहले बुधवार को एयरपोर्ट पर जांच करने पहुंची केंद्रीय स्वास्थ्य टीम ने यहां जांच के दौरान मॉस्क की गुणवत्ता में कमी पकड़ी थी। इसकी रिपोर्ट प्रमुख सचिव को भी दी गई। वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रमुख सचिव ने इसके लिए सभी सीएमओ को गुणवत्ता वाला मॉस्क लगाकर ही जांच करने का निर्देश दिया।