फर्जी अभिलेख से करता था फ्राॅड: छह मार्कशीट के साथ युवक अरेस्ट, पांच साल कम की थी जन्मतिथि; भेजा जेल
सेवापुरी में कपसेठी पुलिस ने फर्जी शैक्षणिक अभिलेख तैयार कर धोखाधड़ी के मामले में वांछित रवि मौर्य को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से छह मार्कशीट बरामद कीं। जांच में अलग-अलग नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि का इस्तेमाल कर दोबारा पढ़ाई करने और शैक्षणिक अभिलेख हासिल करने का मामला सामने आया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्जी शैक्षणिक अभिलेख तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को कपसेठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अलग-अलग विवरणों से संबंधित छह मार्कशीट बरामद की हैं। आरोपी की पहचान रवि मौर्य पुत्र सुख्खू मौर्य, निवासी बनकट, उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कपसेठी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कपसेठी चौराहे के पास घेराबंदी कर रवि मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से छह मार्कशीट बरामद हुईं।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग नाम, पिता के नाम और जन्मतिथि का इस्तेमाल कर शैक्षणिक अभिलेख तैयार कराए और उनका उपयोग किया। इस संबंध में कपसेठी थाने में पहले से अभियोग पंजीकृत था। विवेचना के दौरान आरोपी का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पहले रवि मौर्य पुत्र राजकुमार मौर्य के नाम से पढ़ाई की थी। इस दौरान उसकी जन्मतिथि पांच जुलाई 1999 दर्ज थी। उसने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई भी इसी विवरण के आधार पर की थी।
आरोपी के अनुसार, बाद में दोबारा पढ़ाई करने के उद्देश्य से उसने अलग विवरण के आधार पर कक्षा आठ की अंकतालिका तैयार कराई। इसमें नाम रवि मौर्य, पिता का नाम सुख्खू मौर्य और जन्मतिथि 10 जुलाई 2004 दर्ज कराई गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बदले हुए विवरण वाले अभिलेख का इस्तेमाल कर कक्षा नौ में दोबारा प्रवेश लिया। इसके बाद इसी बदले हुए नाम, पिता के नाम और जन्मतिथि के आधार पर आगे की शैक्षणिक परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं और संबंधित अभिलेख प्राप्त किए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से बरामद छह मार्कशीट इसी बदले हुए विवरण से संबंधित पाई गई हैं। पुलिस बरामद अभिलेखों की जांच कर रही है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।