आजमगढ़ : कॉफी बनाते समय मशीन का बॉयलर फटा, बच्ची समेत चार घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में गुरुवार सुबह कॉफी की दुकान में हादसा हो गया। कॉफी बनाते वक्त मशीन का बॉयलर फट गया। इस हादसे में दुकानदार की रिश्ते में बहन, एक दोस्त के साथ ही दो ग्राहक घायल हो गये।
जिले के पुरानी कोतवाली आसिफगंज मुहल्ला निवासी रवि पुत्र कुल्लू अपने आवास के नीचे हिस्से में कॉफी शॉप खोल रखा है। गुरुवार को सुबह 11 के करीब दुकान पर वह अपने दोस्त सनी(20) और मौसेरी बहन खुशी(10) को दुकान पर बैठा कर सामान लेने चला गया। इस दौरान उसकी कॉफी मशीन ऑन थी।
इसी समय शहर के एलवल मुहल्ला निवासी संजय मणि त्रिपाठी(45) पुत्र डॉ. आरएन त्रिपाठी व अंबेडकर नगर जिले के राजे सुल्तानपुर निवासी अतुल मौर्या(18) पुत्र दिनेश कॉफी पीने के लिए पहुंचे। दुकानदार रवि अभी दुकान पर पहुंचता और संजय और अतुल को कॉफी देता कि इसके पहले ही कॉफी मशीन का बॉयलर तेज आवाज के साथ फट गया।
दुकान पर मौजूद सनी, खुशी, संजय और अतुल घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भाग कर मौके पर पहुंचे और चारों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां सनी, संजय और अतुल की हालत गंभीर देख उन्हें अलग-अलग प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खुशी का इलाज जिला अस्पताल में ही चल रहा है। घटना की जानकारी पर शहर कोतवाली प्रभारी विनय कुमार मिश्रा ने भी पहुंच कर मौका मुआयना किया।
शीशे और लोहे के टुकड़ों से लहूलुहान हुए घायल
बॉयलर के फटने से जो धमाका हुआ, उसके साथ ही कॉफी मशीन के साथ लगे शीशे व लोहे के पार्ट छिटक कर आसपास के लोगों को लगे। इन्हीं लोहे और शीशे के टुकड़ों के चलते ही चारों घायल हुए। घटना के समय सनी दुकान के अंदर मौजूद था, जिसके चलते शीशे और लोहे के टुकड़ों के लगने के साथ ही दुकान की आलमारी और रैक भी उस पर गिर पड़े। इससे उसका सिर फट गया। उसे ज्यादा चोट भी आई है।
जोरदार धमाके से कांपे पड़ोसी दुकानदार
कॉफी मशीन के बॉयलर के फटने पर इतना जोरदार धमाका हुआ था कि आसपास के दुकानदार सहम से गये। स्थानीय दुकानदारों की माने तो पूरे मार्केट में धमाके के बाद धुआं-धुआं सा हो गया था। जिसे छंटने में 10 मिनट से ज्यादा का समय लगा। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और फिर घायलों को बाहर निकाल कर इलाज के लिए लेकर गए।
धमाका इतना तेज था कि कॉफी शॉप के साथ ही अगल-बगल की दुकानों के शीशे व दरवाजे भी टूट गए। कॉफी शाप के सामने ही दूसरी मंजिल पर जाने के लिए सीढ़ी थी। जिस पर लकड़ी का दरवाजा लगा हुआ था। तेज धमाके की वजह से सीढ़ी पर लगे लकड़ी के दरवाजे के भी परखच्चे उड़ गये थे।