दावा: बीएचयू में दुनिया के पहले आयुर्वेदिक पर्सनलाइज्ड मेडिसिन का क्लीनिकल ट्रायल, बनाई गई औषधि; जानें खास
बीएचयू में दुनिया के पहले आयुर्वेदिक पर्सनलाइज्ड मेडिसिन का क्लीनिकल ट्रायल पूरा हुआ। वर्ष 2024-25 में हुए इस शोध का प्रकाशन 23 जून 2026 को एक अंतरराष्ट्रीय जर्नल में हुआ। 60 वर्षीय डिमेंशिया मरीज पर 14 महीने तक अध्ययन किया गया, जिसमें सात महीने औषधि दी गई। घी में हरड़, आंवला, बहेड़ा, देवदार, हल्दी, जटामांसी, अनार और चंदन मिलाकर दवा तैयार की गई।
विस्तार
भूलने की बीमारी डिमेंशिया की समस्या से छुटकारा पाने के लिए बीएचयू में दुनिया के पहले आयुर्वेदिक पर्सनलाइज्ड मेडिसिन का क्लीनिकल ट्रायल किया गया है। 60 साल के एक मरीज को उसके शरीर की जरूरत और रिएक्शन के अनुसार दवा दी गई। उसकी क्षमता को समझकर औषधियों का डोज दिया गया।
14 महीने में उसको प्रयोग में रखते हुए दो-दो महीने के अंतराल पर दवा दी गई। दवा और बिना दवा वाले महीने में मरीज के व्यवहार और मानसिक स्थिति के अंतर को जांचा गया। मरीज की याद्दाश्त, मानसिक क्षमताएं और दैनिक कार्य करने की शक्ति बढ़ी और डिप्रेशन कम पाया गया । इस ट्रायल का नाम एन-ऑफ-वन दिया गया।
बीएचयू में क्रिया शरीर विभाग के प्रो. किशोर पटवर्धन के साथ जीरियाट्रिक मेडिसिन विभाग के प्रो. शंख शुभ्र चक्रवर्ती ने 2024-2025 के बीच शोध किया है। इसका प्रकाशन 23 जून 2026 को इंटरनेशनल जर्नल ऑफ एथ्नोफार्माकोलॉजी में हुआ है। शोध में स्वाति शर्मा और विज्ञान संस्थान के सांख्यिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अरुण कौशिक का योगदान रहा है।
यादाश्त, बुद्धि के लिए उपयोगी है यह तरल
डॉ. पटवर्धन के अनुसार, कल्याणक घृत आयुर्वेद का एक बहु-औषधीय योग है। इसमें हरड़, आंवला, बहेड़ा, देवदार, हल्दी, जटामांसी, अनार, चंदन सहित कई औषधीय तरल को घृत में मिलाकर दवा बनाई गई। शोध के दौरान बेयजियन सांख्यिकीय विश्लेषण कर अध्ययन किया गया। यह तरल यादाश्त, बुद्धि के लिए उपयोगी है।
इसके समर्थन में मिलेंगे कई वैज्ञानिक प्रमाण
प्रो. किशोर पटवर्धन ने कहा कि आयुर्वेद में पर्सनलाइज्ड दवा के चलते ट्रायल ज्यादा बेहतर सिद्ध हो सकता है। उम्र बढ़ने के साथ कई लोगों में याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है। जब इसका प्रभाव व्यक्ति के दैनिक जीवन पर पड़ने लगता है, तो इस स्थिति को डिमेंशिया कहा जाता है।
