चाइनीज मांझा से युवक की कटी गर्दन,लगे 10 टांके
चाइनीज मांझा एक बार फिर से खतरनाक साबित हुआ है। चौकाघाट ओवरब्रिज पर बुधवार की दोपहर में चाइनीज मांझे से एक युवक की गर्दन कट गई। वह अपने दोस्त को बाइक से छोड़ने कैंट रेलवे स्टेशन जा रहा था।
घायलावस्था में उसे मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा ले जाया गया जहां इलाज के बाद उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर लिया गया। युवक को 10 से अधिक टांके लगाए गए ।
आदमपुर के जुगल टोला निवासी जकी अहमद(21) अपने दोस्त आजमगढ़ निवासी शकील को छोड़ने रेलवे स्टेशन जा रहा था। दोपहर करीब बारह बजे वह अभी चौकाघाट पुल पहुंचा था कि पतंग कटने के बाद खींचे जा रहे मांझे से उसका गर्दन कट गया।
घटना के बाद उसके गर्दन से खून अधिक गिर रहा था। पहले दोस्त ने उसे संभाला बाद में लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के मुताबिक जकी को करीब दस से अधिक टांके लगाए गए हैं, अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। गौरतलब है कि बुधवार को ही एनजीटी ने चाइनीज मंझे सहित शीशे की कोट वाले मंझों पर रोक लगा दी है।
एनजीटी के इस फैसले का शहरवासियों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इससे न केवल सैकड़ों लोग घायल हुए बल्कि कई लोगों को जान भी गवानी पड़ी।