कोरोना पर वार: कल से होगा 15-18 साल तक के किशोरों का टीकाकरण, बनारस में 3 लाख को टीका लगाने का लक्ष्य
तीन जनवरी से वाराणसी जिले में 75 से अधिक केंद्रों पर किशोरों का टीकाकरण होगा। शनिवार को जैसे ही पोर्टल खुला देखते देखते आधे से अधिक स्लॉट भर गए।
विस्तार
वाराणसी जिले में 15 से 18 साल तक के किशोरों के टीका लगाए जाने के लिए शनिवार से कोविन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग शुरू हो गई। शनिवार रात आठ बजे सप्ताह भर की बुकिंग के लिए जैसे ही पोर्टल खुला देखते देखते आधे से अधिक स्लॉट भर गए। अब तीन जनवरी से जिले में 75 से अधिक केंद्रों पर किशोरों का टीकाकरण होगा।
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने शनिवार को सीएमओ कार्यालय में टीकाकरण से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें टीकाकरण केंद्रों पर बच्चों के टीकाकरण करने के साथ ही कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता का भी निर्देश दिया। बताया कि करीब तीन लाख किशोरों टीका लगाए जाने का जो लक्ष्य रखा गया है उसमें हर दिन 8 से 10 हजार किशोरों को टीके लगाए जाएंगे। इसके लिए केंद्रों पर समय से वैक्सीन भी भिजवा दी जाएगी।
एक मोबाइल से छह लोगों की हो सकेगी बुकिंग
सीएमओ डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि पहले जहां पोर्टल पर एक मोबाइल से केवल चार लोगों की ही बुकिंग हो रही थी वहीं अब इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब एक मोबाइल नंबर से पोर्टल पर 6 लोगों का पंजीकरण किया जा सकता है।
जिले में तीन जनवरी को 529 केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र में सबसे ज्यादा 354 केंद्र बने हैं, जबकि शहरी क्षेत्र में 145 केंद्रों के अलावा 20 टीका एक्सप्रेस घूमती रहेंगी। अर्दली बाजार और सिगरा स्टेडियम में चलने वाले 2 डे नाईट स्पेशल टीकाकरण केंद्र भी शामिल है।
निगरानी समितियां बांटेंगी कोविड मेडिसिन किट
स्वास्थ्य विभाग की ओर से निगरानी समितियों के माध्यम से लोगों में कोविड मेडिसिन किट वितरण कराने का फैसला लिया गया है। इसके लिए शनिवार को सीएमओ ऑफिस स्थित औषधि भंडार कक्ष से किट का वितरण किया गया। एडिशनल सीएमओ डॉक्टर संजय राय ने बताया कि किट में 12 वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए अलग-अलग दवाएं उपलब्ध है।
ग्रामीण क्षेत्र में 8 ब्लॉक पीएचसी में कुल 874 निगरानी समिति हैं जबकि शहरी क्षेत्र में 24 शहरी स्वास्थ्य केंद्र और नगर निगम के सभी 90 वार्ड की निगरानी समिति भी इसमें काम करेगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा शहर के कोविड अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जेल सहित पांच अन्य स्थानों से भी किट प्राप्त किया जा सकता है।