तस्वीरें: छठ पर मिनी बिहार बनी काशी, 84 घाटों और तालाबों-सरोवरों पर उमड़ा आस्था का सैलाब; ड्रोन से निगरानी
डाला छठ पर काशी के 84 गंगा घाटों समेत कुंडों और सरोवरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की नौ टीमें, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। वहीं, 30 ब्लैक स्पॉट घाटों पर सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बरकरार हैं। वहीं भीड़ प्रबंधन के लिए 15 और 16 नवंबर को कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है।
विस्तार
महापर्व डाला छठ पर काशी के गंगा घाटों से लेकर कुंडों, तालाबों और सरोवरों तक आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान काशी का माहौल मिनी बिहार जैसा नजर आ रहा है। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने लिए हजारों व्रती परिवार घाटों पर पहुंचने लगे। अस्सी, सामने घाट, भदैनी, तुलसी घाट, दशाश्वमेध, शीतला घाट, राजघाट और नमो घाट समेत गंगा के 84 घाटों पर तैयारियां की गई हैं। घाटों पर छठ करने के लिए बीएचयू के प्रोफेसर और उनकी पत्नियां भी पहुंचीं। वहीं सोमवार भोर में उदीयमान सूर्य की आराधना की जाएगी।
बरेका स्थित सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा में भी व्रती अर्घ्य दिया जाएगा। इस बीच, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी।
अस्सी घाट पर पूजा के लिए वेदियां बनाई गई हैं और घाट की सीढ़ियों पर जमी सिल्ट को हटाकर समतल किया गया है। बरेका स्थित सूर्य सरोवर में पानी का स्तर कम करने के लिए पंप लगाकर पानी निकाला गया है।
ड्रोन से निगरानी, एनडीआरएफ की नौ टीमों मे संभाला मोर्चा
सुरक्षा के लिहाज से गंगा घाटों, कुंडों और तालाबों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। एनडीआरएफ की नौ टीमें तैनात रहेंगी। प्रत्येक टीम में 30 बचावकर्मी शामिल होंगे। इनके पास रेस्क्यू मोटर बोट, वाटर एंबुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ऑक्सीजन सिलिंडर और प्रशिक्षित गोताखोर होंगे।
आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करेगी। कंट्रोल रूम से भी भीड़ पर नजर रखी जाएगी। एनडीआरएफ की टीमें बरेका सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा में भी तैनात हैं।
हालांकि, सुरक्षा इंतजामों के बीच घाटों की कुछ चुनौतियां भी चिंता बढ़ा रही हैं। नगर निगम ने हादसों की आशंका वाले 30 घाटों और स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया है। इनमें तुलसी घाट, ललिता घाट, अस्सी घाट, सामने घाट, पंचगंगा घाट, मुंशी घाट, नमो घाट और केदार घाट प्रमुख हैं।
इन स्थानों पर पानी में बैरिकेडिंग और जेटी की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी सामने आया है। एक रिपोर्ट के अनुसार घाटों पर जल पुलिस के 40 जवान, 10 गोताखोर और 10 स्थानीय मल्लाहों की तैनाती की जानकारी दी गई है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने 15 और 16 नवंबर के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। रविवार दोपहर 12 से रात आठ बजे तक और सोमवार भोर तीन से सुबह आठ बजे तक कई मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा। रामापुरा चौराहे से गोदौलिया की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। छठ पूजा से जुड़े वाहनों को मजदा टॉकीज और सनातन धर्म इंटर कॉलेज की ओर डायवर्ट कर पार्क कराया जाएगा।
