चौकाघाट डबल मर्डर: सनी गिरोह के सोनू ने ली थी दो लोगों की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के चौकाघाट में दो लोगों की हत्या एसटीएफ के हाथों 29 जुलाई 2015 को मुठभेड़ में मारे गए रोहित सिंह उर्फ सनी के गिरोह के नरोत्तमपुर निवासी मनीष सिंह उर्फ सोनू ने की थी। वारदात की साजिश रचने में वांछित बड़ी पियरी निवासी रोशन गुप्ता उर्फ किट्टू भी शामिल था। कस्टडी रिमांड पर लिए गए विवेक सिंह कट्टा और हेमंत सिंह से यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस सोनू और किट्टू की तलाश में नए सिरे से जुट गई है।
वहीं, विवेक की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त 0.32 बोर की देसी पिस्टल, दो कारतूस और बगैर नंबर की स्विफ्ट कार बड़ागांव थाना के सेमरी से बरामद की है। जबकि, हेमंत की निशानदेही पर एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किया गया है। बुधवार को दोनों का मेडिकल मुआयना करा कर उन्हें पुलिस ने वापस जेल में दाखिल कर दिया।
बीती 28 अगस्त को चौकाघाट स्थित कालीजी मंदिर के समीप कैंट थाने के हिस्ट्रीशीटर अभिषेक सिंह प्रिंस सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसके साथ ही प्रिंस के एक दोस्त की हत्या का प्रयास किया गया था।
इस मामले में अदालत में समर्पण करने वाले विवेक सिंह कट्टा को छह दिन और हेमंत को 24 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर इंस्पेक्टर जैतपुरा शशिभूषण राय ने लिया था। पुलिस के अनुसार, विवेक ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2013 में उस पर प्रिंस ने जानलेवा हमला किया था। तभी से वह उससे बदला लेने की फिराक में था।
बीती 21 अगस्त को अपने करीबी दोस्तों के साथ प्रिंस की हत्या की योजना बनाने के बाद 28 अगस्त को वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात को विजेंद्र सिंह बब्बू की बाइक पर पीछे बैठे मनीष सिंह उर्फ सोनू ने अंजाम दिया था।
फायरिंग के बाद भीड़ से मनीष और विजेंद्र को घिरता देख कर उसने भी एक राउंड फायरिंग की थी। इस घटना के बाद वह, मनीष और हेमंत मुंबई चले गए थे और फिर उज्जैन स्थित महाकालेश्वर के दर्शन करने गए थे। वारदात में प्रयुक्त पिस्टल को कार में रख कर उसे उसने सेमरी स्थित हेमंत के घर के समीप एक स्कूल के बगल में खड़ा कर दिया था। पुलिस का दबाव बढ़ने पर उसने समर्पण किया तो फिर हेमंत और विजेंद्र भी अदालत में आत्मसमर्पण कर दिए। गौरतलब है कि विवेक 14 आपराधिक मामलों का आरोपी है।