चंदौली: पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 3.07 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
चंदौली में रविवार को पल्स पोलियो अभियान शुरू हुआ। डीएम शैलेश कुमार ने नवजात शिशुओं को पोलियो ड्रॉप पिलाकर इसकी शुरुआत की। जिले में 3,07,618 बच्चों को खुराक पिलाने के लिए 976 बूथ और 616 घर-घर टीमें लगाई गई हैं।
विस्तार
चंदौली जिले में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने जिला चिकित्सालय के एमसीएच विंग में नवजात शिशुओं को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत जिले में पांच वर्ष तक के 3,07,618 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 976 बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 38 ट्रांजिट और 18 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं।
बूथ पर नहीं आने वाले बच्चों तक पहुंचेगी टीम
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। रविवार को बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। इसके बाद सोमवार से शुक्रवार तक 616 टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। विभाग का प्रयास है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
इन इलाकों पर रहेगा विशेष फोकस
अभियान के दौरान दुलहीपुर, रेमा और नई बस्ती जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर अभिभावकों को जागरूक करने के साथ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके लिए ट्रांजिट और मोबाइल टीमों को भी लगाया गया है, ताकि आवागमन वाले क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों में भी बच्चों तक पहुंच बनाई जा सके।
डीएम ने अभिभावकों से की अपील
जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोलियो मुक्त भविष्य के लिए जनसहभागिता जरूरी है।
