बसपा सासंद की बढ़ी मुश्किलें: दुष्कर्म के आरोपी अतुल राय और हिस्ट्रीशीटर सुजीत सिंह पर लगा गैंगस्टर, वाराणसी में मुकदमा दर्ज
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद अतुल राय की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। उनके खिलाफ वाराणसी के कैंट थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, हिस्ट्रीशीटर सुजीत सिंह बेलवा पर भी गैंगस्टर एक्ट लगा है। इसके बाद दोनों की संपत्ति जब्त होने की कार्रवाई होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दुष्कर्म के आरोप में प्रयागराज के नैनी जेल में बंद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के घोसी सीट से सांसद अतुल राय की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सांसद अतुल राय के खिलाफ शनिवार को लंका थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। वहीं फूलपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर सुजीत सिंह बेलवा पर भी गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस दोनों की संपत्ति का ब्यौरा जुटा रही है और जल्द ही दोनों की संपत्ति जब्त की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी माफिया अतुल राय और सुजीत सिंह बेलवा ने गिरोह के तहत आपराधिक कृत्यों से जो संपत्ति अर्जित की है, उसे जल्द ही जब्त की जाएगी। दोनों के खिलाफ लंका थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
ये भी पढ़ें- वाराणसी पहुंचे सीएम योगीः पीएम के आगमन की तैयारियों का ले रहे जायजा, सड़क और लाइट चमकाने में जुटा सरकारी अमला
बलिया की युवती ने दर्ज कराया था मुकदमा
बलिया की रहने वाली युवती संग दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद बसपा सांसद अतुल राय ने 22 जून 2019 को कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद चौकाघाट जेल और फिर नैनी सेंट्रल जेल में डेढ़ साल से बंद है। एक मई 2019 को युवती ने लंका थाने में अतुल राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
गाजीपुर के भंवरकोल स्थित वीरपुर गांव निवासी अतुल राय के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती और उसके गवाह साथी ने 16 अगस्त को नई दिल्ली स्थित कोर्ट के बाहर आत्मदाह कर लिया था। कुछ दिन बाद दोनों की मौत हो गई थी। इसी मामले में युवती के खिलाफ गलत जांच रिपोर्ट लगाने पर भेलूपुर के पूर्व सीओ अमरेश सिंह बघेल की गिरफ्तारी हुई और शासन ने पिछले दिनों बर्खास्त भी कर दिया।
मौजूदा समय में अमरेश सिंह बघेल जिला जेल में बंद है। वाराणसी के मंडुवाडीह थाने के हिस्ट्रीशीटर अतुल राय पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी सहित अन्य आरोपों में 21 मुकदमे दर्ज हैं।
हिस्ट्रीशीटर सुजीत सिंह बेलवा ने फैक्ट्री व ईंट भट्ठा मालिक से मांगी थी 50 लाख की रंगदारी
फूलपुर थाने के बेलवा निवासी सुजीत सिंह बेलवा पर कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 26 अप्रैल 2020 से सुजीत बेलवा रंगदारी के आरोप में जेल में बंद है। रोहनिया निवासी ईंट भट्ठा कारोबारी ने 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने पर शिवपुर थाने में बेलवा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस पर क्राइम ब्रांच और शिवपुर थाने की टीम ने सुजीत सिंह बेलवा को गिरफ्तार किया था। सुजीत सिंह बेलवा पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी सहित अन्य आरोपों में वाराणसी के विभिन्न थानों में 39 मुकदमे दर्ज हैं। सुजीत बेलवा का चौकाघाट से अप्रैल में मिर्जापुर की जेल में ट्रांस्फर हुआ, वर्तमान में वह मिर्जापुर जेल में निरुद्ध है।