बजार म बरक्कत क भौकाल: 1200 करोड़ का सराफा, 1000 करोड़ के वाहन बिके; सोने-चांदी से लेकर फूल झाड़ू तक बिकी
दीपावली पर बाजार में जमकर धनवर्षा हुई। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर फूल झाड़ू तक की खूब बिक्री हुई। रियल एस्टेट और ई-कॉमर्स कारोबार में भी उछाल देखने को मिला। आंकड़ों के अनुसार, सराफा बाजार में 1200 करोड़ और वाहन बाजार में 1000 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। कारोबारियों के चेहरे पर रौनक रही।
विस्तार
त्योहार पर काशी के बाजारों में रौनक देखने को मिली। हर सेक्टर पर धन की वर्षा हुई। सुबह से लेकर देर रात तक चौक, गोदौलिया, सिगरा, रथयात्रा, लंका, भोजूबीर और पांडेयपुर समेत अन्य बाजारों में खरीदारों का तांता लगा रहा। कारोबारी संगठनों के अनुसार, धनतेरस पर कुल 4200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।
सराफा, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट और इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ-साथ पारंपरिक बर्तन, सजावट और रोजमर्रा की पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में सुबह से रात तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। भीड़ को देखते हुए अधिकतर शोरूम देर रात तक खुले रहे।
सराफा बाजार में इस बार सोने के साथ-साथ चांदी ने सबसे अधिक सुर्खियां बटोरीं। उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ के मुताबिक, आभूषण बाजार का कुल टर्नओवर करीब 1200 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा। रेशम कटरा, सुड़िया, रथयात्रा, भेलूपुर, अर्दली बाजार, सिगरा, लंका और चौक स्थित शोरूमों में भारी गहनों के अलावा हल्के और ट्रेंडी आभूषणों की भी मांग रही। सोने की ऊंची कीमतों के बीच ग्राहकों का रुझान चांदी के सिक्कों, मूर्तियों और बर्तनों की ओर तेजी से बढ़ा। हरे कृष्ण ज्वेलर्स के अधिष्ठाता संतोष अग्रवाल ने बताया कि इस बार हीरे के मंगलसूत्र और अंगूठियों की भी अच्छी बिक्री हुई है। कई लोगों ने दीपावली के लिए भी बुकिंग कराई है।
वाराणसी ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता के मुताबिक, ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस बार बूम रहा। धनतेरस पर 1000 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। रामकटोरा स्थित काशिका शोरूम के अधिष्ठाता अजीत उपाध्याय बताते हैं कि इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में 300 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज हुआ। घरों के लिए बड़ी स्क्रीन वाली स्मार्ट टीवी, इंडक्शन, हीटर, माइक्रोवेव और वॉशिंग मशीन के अलावा प्रीमियम और फोल्डेबल स्मार्टफोन की हाथों-हाथ बिक्री हुई।
बर्तन, झाड़ू और दीयों की बंपर बिक्री : धनतेरस पर पीतल, तांबे और कांसे के बर्तनों की दुकानों पर खासी भीड़ रही। परंपरा निभाने के लिए हर परिवार ने कलश, थाली, चम्मच या चमचमाते बर्तन खरीदे, जिससे बर्तन बाजार में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। फूल झाड़ू और सींक झाड़ू की बिक्री का नया रिकॉर्ड बना।
पांच मर्सिडीज और 5500 दोपहिया वाहन बिके, एसयूवी की रही सबसे ज्यादा धूम
धनतेरस पर काशी का ऑटोमोबाइल बाजार पूरी तरह गुलजार रहा। शुभ मुहूर्त में नया वाहन घर ले जाने की परंपरा के चलते जिलेभर के विभिन्न ऑटोमोबाइल शोरूम्स से देर रात तक 8000 से अधिक दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों की डिलीवरी की गई।
दो हजार कारों की बुकिंग हुई। इस बार दो महीने में शहर के भीतर पांच मर्सिडीज की भी डिलीवरी की गई। वाराणसी ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता के मुताबिक, एक हजार करोड़ का कारोबार हुआ। डीलरों के मुताबिक, इस बार चारपहिया वर्ग में ग्राहकों की पहली पसंद 10 लाख से 18 लाख रुपये बजट वाली सब-कॉम्पैक्ट और कॉम्पैक्ट एसयूवी (मारुति फ्रॉन्क्स, ब्रेजा, टाटा पंच, नेक्सन और हुंडई क्रेटा) रहीं, जबकि बजट सेगमेंट में मारुति वैगन-आर की भी अच्छी डिमांड रही।
दोपहिया वाहनों की बिक्री में 10 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले साल 5000 बाइक की बिक्री हुई थी, जबकि इस बार यह आंकड़ा 5500 तक पहुंच गया। हालांकि, इसमें करीब 1000 लाेगों ने ईवी की भी खरीदारी की। डीलर्स के मुताबिक, लगभग 75 फीसदी वाहनों की खरीद बैंक लोन और आकर्षक त्योहारी एक्सचेंज ऑफर के जरिये की गई।
शोरूम पर दिन भर बुकिंग और डिलीवरी के लिए ग्राहकों की आवाजाही लगी रही। कई वाहनों पर चार महीने की वेटिंग चल रही है। वाराणसी ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन व आरटीओ के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस बार कुल वाहन बिक्री में करीब 10-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
नाै जिलों में 2892 करोड़ रुपये बरसे
नाै जिलों में कुल 2892 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ। आंकड़ों के मुताबिक, जाैनपुर में 865 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसी तरह चंदाैली में 350 करोड़ और गाजीपुर में 212 करोड़ रुपये की खरीदारी हुई। आजमगढ़ मंडल के आजमगढ़ में 500 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने, बर्तन, कपड़े, इलेक्ट्रानिक्स सामान की बिक्री हुई। बलिया में 215 करोड़ और मऊ में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की खरीदारी से दुकानदार उत्साहित रहे। विंध्य मंडल में सबसे अधिक भदोही जिले में 250 करोड़ रुपये के सामान की बिक्री हुई। सोनभद्र में 200 करोड़ और मिर्जापुर में 100 करोड़ रुपये बाजार में बरसे।
मार्कंडेय महादेव मंदिर में भक्तों ने किया जलाभिषेक
त्योहार पर मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए पूर्वांचल के हजारों भक्त उमड़े। मंदिर में सुबह छह बजे से ही भीड़ लगने लगी। दूर दराज से आए भक्तों ने गंगा-गोमती के संगम पर स्नान कर जल लेकर बाबा का जलाभिषेक कर अपने परिवार के मंगल की कामना की।
स्वामीनारायण मंदिर में मिला खजाना प्रसाद
श्री स्वामीनारायण मंदिर मच्छोदरी में धनतेरस पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महंत स्वामी प्रेम स्वरूप दास के सानिध्य में भक्तों ने देव विग्रहों की शृंगारिक झांकी के दर्शन किए और खजाना प्रसाद प्राप्त किया। भगवान श्री स्वामीनारायण, श्री लक्ष्मी-नारायण, श्री शिव-पार्वती, हनुमान जी और गणेश जी के विग्रहों का पंचामृत स्नान कराया गया।
सड़क पर उतरी ढाई हजार से ज्यादा पुलिस फोर्स
त्योहार पर बाजारों में भारी भीड़ को लेकर पुलिस का कड़ा पहरा है। मुख्य सराफा और बर्तन बाजारों में विशेष रूप से पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। नाकाबंदी कर निगरानी रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी सभी थानों की 80 फीसदी फोर्स सड़क पर है। लगभग ढाई हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। काशी जोन में सबसे अधिक भीड़ को लेकर एहतियातन पुलिस मुस्तैद रही। काशी जोन में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम, अन्नपूर्णा मंदिर के दर्शन पूजन को लेकर बड़ी संख्या में बाहरी भीड़ है।
अमेरिकी और यूरोपीय खरीदारों के घर पहुंचे बनारसी खिलौने और ढलवा प्रतिमाएं
दीपावली को लेकर देश-विदेश से मिले अग्रिम ऑर्डरों की खेप तैयार कर शिल्पकारों ने धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर ग्राहकों को डिलीवरी भेज दी है। काशी की पारंपरिक ढलवा मूर्तियों, मिर्जापुर के धातु बर्तनों और आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी के जो ऑर्डर पिछले कई हफ्तों से तैयार किए जा रहे थे, उनकी पैकिंग पूरी कर विदेशी खरीदारों, एनआरआई और स्थानीय ग्राहकों तक सफलतापूर्वक पहुंचा दिया गया है।
जीआई विशेषज्ञ पद्मश्री डॉ. रजनीकांत ने बताया कि पूर्वांचल के 34 जीआई उत्पादों का सालाना कारोबार करीब 5000 करोड़ रुपये का है। इसमें अकेले धनतेरस और दीपावली के त्योहारी सीजन में एक हजार करोड़ रुपये के उत्पादों की बिक्री व डिलीवरी का आंकड़ा दर्ज हुआ है।
अग्रिम बुकिंग के आधार पर तैयार की गई मेटल कास्टिंग (ढलाई विधि) वाली लक्ष्मी-गणेश और मां अन्नपूर्णा की प्रतिमाओं की मांग अमेरिका, यूरोप और खाड़ी देशों तक रही। कारोबारियों ने बताया कि रोजाना 200 से ज्यादा ढलवा मूर्तियों के ऑर्डर पूरे कर धनतेरस पर उनकी डिलीवरी दी गई।
जीआई स्टोर संचालिका दीपमाला राय ने बताया कि स्पेन, दुबई और अमेरिका के पर्यटकों और खरीदारों ने लकड़ी के खिलौनों, सजावटी सामान और हथकरघा वस्त्रों के जो ऑर्डर दिए थे, उनकी डिलीवरी धनतेरस के दिन पूरी कर दी गई। वहीं, धनतेरस के धातु पूजन के लिए मिर्जापुर के कांसा-पीतल के बर्तनों और होम डेकोर के लिए आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी के सभी लॉट समय पर ग्राहकों को भेजे गए।
आंकड़ों पर एक नजर
- सराफा बाजार - 1200
- ऑटोमोबाइल - 1000
- ई-कॉमर्स - 900
- इलेक्ट्रॉनिक्स - 300
- रियल एस्टेट - 300
- मिठाई व उपहार - 200
- होम फर्निशिंग व लाइट - 100
- बर्तन बाजार - 100
- अन्य - 100
- कुल - 4200
- अनुमानित कारोबार (करोड़ रुपये में)