ठगी का महाजाल: सोशल मीडिया पर कॅरिअर बनाना पड़ रहा भारी, फॉलोवर के चक्कर में खाली हो रहा है खाता
Varanasi News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्रामी, यूट्यूब, फेसबुक और एक्स पर फॉलोवर बढ़ाने के नाम पर साइबर ठगी बढ़ रही है। युवाओं से लॉगिन जानकारी लेकर अकाउंट हैक कर बेचे जा रहे हैं। साइबर सेल गिरोह की जांच में जुटी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
विस्तार
Varanasi Crime: सोशल मीडिया को कमाई और करिअर का आधार मानकर चलने वालों को साइबर ठग निशाना बना रहे हैं। फॉलोवर और व्यूज पाने को बेकरार युवाओं के साथ धोखाधड़ी हो रही है। इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक और एक्स हैंडल को हैक कर देश के विभिन्न राज्यों और विदेश तक में अकाउंट बेच दिया जा रहा है।
मिलियन फॉलोवर और व्यूज वालों को साइबर ठग टारगेट कर चुके हैं। साइबर क्राइम सेल की प्रतिबिंब टीम ऐसे साइबर ठगों के गिरोह पर काम कर रही है। अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के दीपक कुमार का यूट्यूब चैनल है। खेती किसानी से जुड़े कंटेंट बनाते हैं। चैनल पर सब्सक्राइबर और व्यूज बढ़ाने के लिए ऑनलाइन एक युवक से संपर्क किया। युवक के कहने पर चैनल का लॉग इन पासवर्ड भी साझा किया। बाद में पता चला कि चैनल ही उनका हैक हो गया। पांच हजार रुपये भी डूब गए।
झांसा देकर की जा रही ठगी
इस तरह इंस्टाग्राम पर सत्यम पांडेय ने अपने फॉलोवर बढ़ाने के लिए यूट्यूब से एक व्यक्ति का नंबर लिया। उसके कहने पर लॉग इन और पासवर्ड भी दिया। 10 हजार रुपये में एक लाख फॉलोवर बढ़ाने का झांसा देकर युवक 10 हजार रुपये हड़प लिए। अब संपर्क भी नहीं हो पा रहा है।
साइबर क्राइम सेल की प्रतिबिंब टीम ने यूट्यूब पर फॉलोवर बढ़ाने का झांसा देकर यूट्यूब हैक करने वाले आरोपी को पकड़ा है, जो यहां के यूट्यूब को हैक कर विदेश के यूट्यूबरों को बेचता था। साइबर सेल ने उससे पूछताछ की तो मालूम चला कि कई लोगों के साथ ठगी की है। एसीपी साइबर विदुष सक्सेना ने बताया कि सोशल मीडिया पर अपरिचित से किसी तरह का विवरण साझा नहीं करें।