घोसी सीट: उपचुनाव के लिए बसपा प्रत्याशी ने भरा नामांकन, सपा-कांग्रेस प्रत्याशी ने पर्चे खरीदे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मंगलवार को बसपा प्रत्याशी अब्दुल कय्यूम ने नामांकन किया। जबकि छह लोगों ने पर्चे खरीदे। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।
अब्दुल कय्यूम दोपहर दो बजे समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और इसके बाद नामांकन पत्र दाखिल किया। कय्यूम घोसी कोतवाली के करीमुद्दीनपुर के रहने वाले हैं। इनकी पत्नी साकिया खातून नगर पंचायत घोसी की चेयरमैन हैं। शपथ पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार उनके खिलाफ 2005 में मारपीट का एक मुकदमा कोतवाली में दर्ज हुआ था, जो सीजेएम कोर्ट में विचाराधीन है।
कय्यूम की अचल संपत्ति 80 लाख की है। सालाना आय 4 लाख 90 हजार बताई है। उनके पास 20 हजार और पत्नी साकिया खातून के पास दस हजार रुपये नगद हैं। इनके केनरा बैंक खाते में एक हजार और पत्नी के पास 20 हजार रुपये हैं। एक गाड़ी क्वालिस है। पत्नी साकिया के पास 30 ग्राम सोने के आभूषण हैं, जिसका मूल्य एक लाख बताया है। कय्यूम ने पेशा बुनकरी बताया है।
उधर, कांग्रेस प्रत्याशी राजमंगल यादव ने दो सेट में नामांकन पत्र खरीदा। राजमंगल यादव घोसी कोतवाली के बनियापार चक मुस्तफा गांव के निवासी हैं। घोसी कोतवाली के दादनपुर अहिरौली गांव निवासी और सपा के पूर्व विधायक सुधाकर सिंह ने समाजवादी पार्टी के नाम से एक सेट में फार्म लिया।
सपा के नाम पर दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गंगुआबारी गांव निवासी रामहरी चौहान ने दो सेट में फार्म लिया। घोसी के लखनी मुबारकपुर गांव निवासी कौशल चौहान ने भाजपा के नाम से दो सेट में पर्चा खरीदा। गाजीपुर जिले के बिजौरा गांव निवासी दिलीप कुमार वर्मा ने परिवर्तन समाज पार्टी के नाम पर दो सेट में फार्म खरीदा।
बलिया जिले अठिला गांव निवासी रविंद्र कुमार ने निर्दलीय के रूप में एक सेट, कोपागंज थाने के ढेकवारा गांव निवासी शरद चंद्र ने बहुजन मुक्ति पार्टी के नाम से तीन सेट में नामांकन फार्म खरीदा।