घर से अगवा कर किशोरी का सामूहिक दुष्कर्म, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने किशोरी का घर से अगवा कर लिया और बगल के घर में दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शोर मचाया तो घर के लोग जग गए।
किशोरी के शोर मचाने पर परिजनों और आसपास के लोगों ने मकान को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को ग्रामीणों से घिरा देख दरिंदे छत के रास्ते से कूदकर फरार हो गए। उधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पीड़िता को थाने ले आई और पूछताछ के बाद पांच युवकों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया।
गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रतिदिन की तरह एक परिवार के सदस्य खाना खाकर सो रहे थे। परिवार की एक किशोरी अपने कमरे में सोई हुई थी। आरोप है कि उसे अकेला पाकर गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे घर से अगवा कर लिया। इस बीच युवकों ने किशोरी के मुंह को कपड़े से बांध दिया था।
वह उसे गांव के एक खाली पड़े मकान में ले गए। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसी बीच किशोरी की चीख सुनकर सैकड़ों लोग वहां पहुंच गए और मकान को चारों तरफ से घेर लिया। लेकिन इसके पहले ही दरिंदे वहां से छत के रास्ते रात के अंधेरे में फरार हो चुके थे।
बाद में ग्रमीणों के कहने पर किशोरी ने दरवाजा खोला। वह किसी तरह बाहर आई और आपबीती परिवार वालों को बताई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को थाने लाकर उसका बयान दर्ज किया। साथ ही महिला पुलिस की देखरेख में उसे मेडिकल मुआयना के लिए भेज दिया।
इस मामले में पांच युवकों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है। इस संबंध में पूछे जाने पर कोतवाल विमल कुमार ने बताया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है, लेकिन इस प्रकरण में पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर अभी तक नहीं मिली है।