वाराणसी में ब्लैक फंगस के मामले बढ़े, दो नए मरीज पहुंचे बीएचयू, कल तीन का होगा ऑपरेशन
कोरोना संक्रमण के बीच ब्लैक फंगस बड़ी मुसीबत बनकर सामने आ गया है। वाराणसी में भी ब्लैक फंगस तेजी से पांव पसार रहा है। अब तक 30 से अधिक अधिक मामले सामने आये हैं जबकि ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो चुकी है। तीन मरीजों का बुधवार को ऑपरेशन होगा। कोरोना काल में ब्लैक फंगस के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब वाराणसी में शासन-प्रशासन अलर्ट हो गया है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में कोरोना संक्रमण के बाद अब ब्लैक फंगस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बीएचयू अस्पताल में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को दो और मरीज भी दिखाने पहुंचे। इसके अलावा पहले से जांच करा चुके तीन मरीजो को मंगलवार को भर्ती कराया गया है। जिनका बुधवार को ऑपरेशन होगा।
जिले में ब्लैक फंगस के मामलों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। इसमें अब तक बीएचयू ईएनटी डिपार्टमेंट में जहां 30 मरीज परामर्श ले चुके हैं। जिसमें से 15 में इसकी पुष्टि हो चुकी है। अब तक तीन मरीजों का ऑपरेशन हुआ है जबकि तीन अन्य मरीजों के ऑपरेशन बुधवार को बीएचयू में होंगे।
बीएचयू ईएनटी डिपार्टमेंट में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ सुशील कुमार अग्रवाल ने बताया मंगलवार को 3 मरीजों को भर्ती कर लिया गया है। उनकी ऑपरेशन से पहले अन्य जांच भी कराई जा रही है। सब कुछ ठीक रहा तो बुधवार को इनका ऑपरेशन भी किया जाएगा।
बताया कि मंगलवार को जो दो नए मरीज आए थे उन्हें कोरोना जांच कराने की सलाह दी गई है। कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उनके इलाज, ऑपरेशन के बारे में फैसला लिया जाएगा।
तैयारियों में जुटा स्वास्थ्य महकमा, अस्पतालों में अलर्ट
ब्लैक फंगस के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए सभी कोविड अस्पतालों के साथ ही निजी अस्पतालों को अलर्ट किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी को पत्र भेजे जा चुके हैं। इस बारे में सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि ब्लैक फंगस के मरीजों के आने के बाद उनके इलाज से जुड़ी तैयारियों और जागरूक करने का निर्देश दिया है।
बीएचयू अस्पताल के एमएस प्रो.केके गुप्ता ने बताया कि ब्लैक फंगस के मरीजों का पूरा डेटा तैयार कराया जाएगा, जिससे कि इलाज आदि की सही जानकारी मिल सके। इसके लिए कोविड एसोसिएटेड म्युकरोमाइकोसिस (कैम) का गठन किया गया है। इसमें ईएनटी, प्लास्टिक सर्जरी, डेंटल सर्जरी, जनरल मेडिसिन, माइक्रोबायोलॉजी, चेस्ट,पैथालाजी आदि शामिल हैं।