सोनभद्रः भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य छह दिन से लापता, दो के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज
रामविचार गोंड़ भाजपा के समर्थित प्रत्याशी के रूप में बभनी ब्लॉक से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए थे। 25 जून को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए सिंगरौली जाने की बात कह घर से निकले और तब से ही लापता हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले के बभनी ब्लॉक के जरहां वार्ड से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य रामविचार गोंड़ की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुत्र की तहरीर पर एक नामजद समेत दो अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि दो दिन पूर्व आया रामविचार का वीडियो भी इन्हीं आरोपियों ने दबाव देकर बनवाया है। उनकी मंशा ठीक नहीं है।
बता दें कि रामविचार गोंड़ भाजपा के समर्थित प्रत्याशी के रूप में बभनी ब्लॉक से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए थे। 25 जून को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए सिंगरौली जाने की बात कह घर से निकले और तब से ही लापता हैं। 26 जून से उनका नंबर भी बंद हो गया है।
पुत्र ने इस मामले में बीजपुर थाने तहरीर दी थी, जिसके आधार पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर पुलिस लापता जिला पंचायत सदस्य की तलाश में जुटी थी। इस बीच मंगलवार को रामविचार गोंड़ का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल होने लगा। इसमें वह खुद को सुरक्षित बताते हुए अपनी मर्जी से दर्शन-पूजन के लिए आने की बात कह रहा है। हालांकि यह नहीं बताया कि उसके साथ कौन है और वह दर्शन के लिए कहां गया है।
बृहस्पतिवार को इस मामले में नया मोड़ आ गया। रामविचार गोंड़ के पुत्र शिवलाल ने पुलिस को नई तहरीर देते हुए पिता के अपहरण का आरोप लगाया। बताया कि उसके पिता का अपहरण किया गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किसी मोबाइल की दुकान में बैठाकर जबरदस्ती उनसे खुद के सुरक्षित होने की बात कहलाया जा रहा है।
बीजपुर थाना प्रभारी देवतानंद सिंह ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य के पुत्र की तहरीर के आधार बभनी थाना क्षेत्र के राजासरई गांव निवासी दिवाकर चौबे और उसके एक अन्य साथी के विरुद्ध अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर तलाश की जा रही है।