एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें: जिले के चार ACP के कार्यक्षेत्र बदले, बेटी का फर्जी अकाउंट बनाया; FIR
सीपी मोहित अग्रवाल ने कमिश्नरेट के चार पुलिसकर्मियों के कार्य क्षेत्र बदले हैं। वहीं, एक व्यक्ति ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बेटी का फर्जी अकाउंट बनाकर फोटो शेयर करने के मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को चार सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के कार्यक्षेत्र में तब्दीली की। उन्होंने बताया कि एसीपी चेतगंज / अपराध / साइबर अपराध / महिला अपराध / आंकिक रहे डिप्टी एसपी गौरव कुमार अब सिर्फ एसीपी चेतगंज के तौर पर कामकाज करेंगे।
डिप्टी एसपी विजय प्रताप सिंह एसीपी अपराध / साइबर अपराध / एएचटीयू / प्रोटोकॉल / आंकिक / जनसुनवाई के तौर पर कामकाज करेंगे। डिप्टी एसपी शुभम कुमार सिंह एसीपी मुख्यालय / महिला अपराध / जनसुनवाई के तौर पर कामकाज करने के साथ ही जल पुलिस और पर्यटक पुलिस का पर्यवेक्षण करेंगे। डिप्टी एसपी सोमवीर सिंह एसीपी यातायात-II के तौर पर कामकाज करेंगे।
धोखाधड़ी और कूटरचना के आरोपी को नहीं मिली अग्रिम जमानत
धोखाधड़ी और कूटरचना कर फर्जी नोटरियल किरायेदारी बनवाकर फ्लैट में कब्जा करने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत नहीं मिली। अपर जिला जज (त्रयोदश) मनोज कुमार सिंह की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सारनाथ निवासी शाहबाज खान की अग्रिम जमानत अर्जी सुनवाई के बाद खारिज कर दी।
अभियोजन पक्ष के अनुसार महमूरगंज, सिगरा निवासी एस उदय शंकर राव ने कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि उनका एक फ्लैट सारनाथ स्थित बुद्धा हाइट्स अपार्टमेंट में है। उनके परिचित अर्दली बाजार निवासी शाहबाज खान ने अपने मकान में कुछ निर्माण कार्य होने की बात कहकर कुछ समय के लिए उनका फ्लैट रहने के लिए मांगा।
पूर्व परिचित होने के चलते उन्होंने अपना फ्लैट शाहबाज खान को रहने के लिए माह जून 2023 में दिया। करीब डेढ़ वर्ष बाद जब उन्होंने अपनी पारिवारिक जरूरत के लिए शाहबाज खान से अपना फ्लैट खाली करने को कहा तो वह और उसके परिजन हीलाहवाली करने लगे।
वर्ष 2024 में उन्हें सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के यहां से एक सम्मन मिला। जानकारी करने पर पता चला कि शाहबाज खान ने धोखाधड़ी की नीयत से एक फर्जी किरायेदारी विलेख अपनी मां अंबरीना खान और उनके बीच तैयार करा कर उस पर उनका फर्जी हस्ताक्षर कर दिया। मोबाइल से उनकी फोटो प्राप्त कर उसे लगाकर नौ मई 2023 को नोटरियल भी करा लिया।
मंडुवाडीह आरओबी पर सड़क हादसे में युवक की मौत
मंडुवाडीह-महमूरगंज आरओबी पर शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में बड़ौरा बाजार निवासी विवेक गौड़ (35) की मौत हो गई। सूचना पाकर भेलूपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
विवेक गौड़ आवास विकास में संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत था। वह सुबह घर से बाइक लेकर निकला था। राहगीरों के अनुसार विवेक मंडुवाडीह आरओबी के ऊपर पहुंचा था, तभी उसकी बाइक स्लिप कर गई। विवेक बाइक में फंसकर घिसटाते हुए दूसरी बाइक से जा टकराया और उसके सिर में गंभीर चोट लगी।
राहगीरों ने ही पुलिस को सूचना देकर दोनों बाइक सवारों को महमूरगंज स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि विवेक रोजाना हेलमेट लगा करके ही बाइक से निकलता था। हेलमेट नहीं लगाए होने के कारण सिर में लगी चोट जानलेवा साबित हुई।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन राहगीर घायल
इंग्लिशिया लाइन क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन राहगीर घायल हो गए। घायल एक होमगार्ड समेत दो लोगों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस कार और चालक को सिगरा थाने ले गई।मलदहिया से इंग्लिशिया लाइन की ओर एक कार तेज रफ्तार में जा रही थी।
भारतीय शिक्षा मंदिर स्कूल से चंद कदम की दूरी पर कार चालक ने साइकिल सवार होमगार्ड को टक्कर मार दी। कार चालक खुद को संभालने के चक्कर में समीप खड़े दुकानदार मिथिलेश गुप्ता को भी घायल कर दिया। लोगों का आक्रोश बढ़ने से पहले पहुंची पुलिस कार और चालक को लेकर थाने आ गई।
बेटी का फर्जी अकाउंट बनाया, पिता ने केस कराया
दानगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बेटी का फर्जी अकाउंट बनाकर फोटो शेयर करने के मामले में चोलापुर थाने में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर दिसंबर 2024 में उनकी बेटी का फर्जी अकाउंट बनाकर फोटो शेयर की गई। लोगों से जानकारी मिली तो फेसबुक और इंस्टाग्राम का अकाउंट बंद कर दिया गया। मगर, फरवरी महीने में फिर अकाउंट बनाकर चालू कर दिया गया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोली लगने से पति घायल हुए, मांगी मदद
हबीबपुरा, नई पोखरी की रहने वाली रेनू देवी ने पुलिस और प्रशासनिक अफसरों से आर्थिक मदद की मांग की है। उन्होंने कहा कि गत पांच मार्च को बड़ादेव इलाके में पीएसी के जवान अश्विनी त्रिपाठी की कार्बाइन गिरने से गोली चल गई थी। गोली लगने से पीएसी के जवान के साथ उनके पति ज्वाला प्रसाद भी घायल हो गए थे। रेनू देवी ने कहा है कि उनकी आर्थिक मदद की जाए। ताकि, वह पति का उपचार करा सकें। पति के स्वस्थ होने तक परिवार का भरण-पोषण करने में किसी किस्म की दिक्कत न हो।
सोनभद्र से लाकर बेच रहा था हेरोइन, गिरफ्तार
सोनभद्र से हेरोइन लाकर पांडेयपुर क्षेत्र में बेच रहे एक युवक को शुक्रवार को लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष विवेक कुमार पाठक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान नईबस्ती पांडेयपुर निवासी रामसुंदर चौहान के रूप में हुई है। उसके पास से 22 पुड़िया में 17 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल और 3230 रुपये बरामद हुए। रामसुंदर के खिलाफ इससे पहले मादक पदार्थों की तस्करी सहित अन्य आरोपों में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
महाकुंभ मेले से चोरी किए 90 मोबाइल
महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों औरा मेला क्षेत्र से श्रद्धालुओं के चोरी हुए 90 मोबाइल के संग आरोपी को कैंट जीआरपी और आरपीएफ ने शुक्रवार को कैंट स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या सात से गिरफ्तार किया। बरामद मोबाइल में आईफोन समेत विभिन्न ब्रांड के महंगे फोन हैं। मोबाइल की कीमत 60 लाख रुपये आंकी गई हैं।
आरोपी की पहचान पटना के आलमगंज महराजगंज के मीना बाजार निवासी रवि कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत कुमार सिंह और आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव ने बताया कि होली के मद्देनजर चेकिंग के दौरान यात्री के बैग को चेक किया गया तो भारी संख्या में मोबाइल बरामद हुए।
बंगाल में बेचता, दो हजार में खरीदा था एक मोबाइल
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम की पूछताछ में आरोपी रवि ने बताया कि वह महाकुंभ में चोरी किए गए मोबाइल खरीदा है। कुछ चोरी भी किए हैं। एक मोबाइल दो हजार में खरीदा था। यह सभी मोबाइल को पश्चिम बंगाल में बेचने के लिए निकला था। गिरफ्तारी टीम में बनारस चौकी इंचार्ज लालधर प्रसाद, दरोगा राज बहादुर यादव, अश्विनी कुमार सिंह, विपिन, पवन, सुमित आदि रहे।
सड़क किनारे पाइप के बीच शव मिला
लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर से बीएचयू ट्राॅमा सेंटर मार्ग पर रखे पाइपों के बीच शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस शव की पहचान नहीं करा सकी। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र लगभग 50 वर्ष प्रतीत हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक अत्यधिक शराब पीने का आदी था। आशंका है कि अत्यधिक शराब पीने की वजह से ही उसकी मौत हुई होगी।
बंद मकान से नकदी और गहने चोरी
कंचनपुर क्षेत्र की इंद्रानगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाला मोहित गुप्ता बीते 28 फरवरी को अपने गांव अयोध्या गए थे। मोहित लौट कर आए तो उन्हें उनके घर का ताला टूटा मिला। चोर उनकी आलमारी तोड़कर 60 हजार रुपये और दो लाख से ज्यादा के जेवर चुरा ले गए थे। सूचना पर चितईपुर थाने की पुलिस ने मुआयना कर रिपोर्ट दर्ज की।
मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाने के आरोप में केस
सोनारपुरा गौरीगंज मोहल्ले में रहने वाली नीलम प्रजापति ने पड़ोस में रहने वाले संतोष प्रजापति और भावना के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। वह मुकदमे की वादिनी और गवाह हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी जेल गए और फिर जमानत पर बाहर आए। मुकदमे में गवाही देने और मुकदमा वापस लेने के लिए आरोपी पीड़िता को लगातार धमकी दे रहे हैं। पीड़िता की शिकायत पर भेलूपुर थाने में संतोष प्रजापति और भावना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
डॉक्टरों ने दी राष्ट्रीय महासचिव को श्रद्धांजलि
डॉक्टरों के संगठन नीमा के राष्ट्रीय महासचिव डाॅ. उमाशंकर पांडेय शेखर के निधन पर सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। नीमा भवन पर आयोजित शोक सभा में डॉ. सुभाष गुप्ता, डॉ.एमए अजहर, डॉ.एसबी सिंह, डा. अनिल गुप्ता ने दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की।
रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. टी लक्ष्मी का निधन
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे भारतीय कैंसर संस्थान (होमी भाभा कैंसर संस्थान) की रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. टी लक्ष्मी (72) का चार मार्च को निधन हो गया। वह यूपीएससी के माध्यम से 1981 में रेलवे की सेवा में आईं और अपने 33 वर्ष के कार्यकाल में अनगिनत कैंसर रोगियों का उन्होंने उपचार किया। वर्ष 2014 में सेवानिवृत्त होने के बाद भी वह वाराणसी में कैंसर रोगियों की सेवा में लगी थीं।
महाकुंभ जैसी होगी होली पर रेलवे स्टेशनों की भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था
होली पर यात्रियों की भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था महाकुंभ जैसी होगी। कैंट, बनारस और सिटी स्टेशन पर महाकुंभ प्लान लागू किया जाएगा। इस दिशा में रेल अधिकारियों ने मंथन करना शुरू कर दिया है। कैंट स्टेशन पर शुक्रवार को रेल अधिकारियों ने इस संबंध में चर्चा की।
लंबी दूरी की ट्रेनों से आने वाले यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकालने और बाहर से अंदर आने वाले यात्रियों के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में बैरिकेडिंग की जाएगी। कामर्शियल विभाग के कर्मचारियों को सर्कुलेटिंग एरिया में ही तैनात किया जाएगा, जिससे वह यात्रियों को हैंड मशीन से जनरल टिकट उपलब्ध करवा सकें।
एटीवीएम और अन्य व्यवस्थाएं होगी। वनवे व्यवस्था के तहत कंट्रोल रूम से भीड़ की निगरानी होगी। महाकुंभ की तरह भीड़ बढ़ने पर लिफ्ट और ऐस्केलेटर को बंद रखा जाएगा। होल्डिंग एरिया भी होंगे और जिस रूट पर यात्रियों का दबाव अधिक होगा, उस रूट पर स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी।
निशुल्क पार्किंग के बोर्ड पर बांध दिया गमछा
सर्कुलेटिंग एरिया में चार पहिया वाहन पार्किंग निशुल्क है। पिछले तीन माह से निशुल्क संचालित है। हालांकि फिर भी यात्रियों से कार से शुल्क लिया जा रहा है। निशुल्क पार्किंग के बोर्ड पर सफेद गमछा बांध दिया गया है ताकि यह बोर्ड न दिखे। अधिकारियों के सामने यह कृत्य चल रहा है। शुक्रवार के रूटीन निरीक्षण में एडीआरएम और स्टेशन निदेशक को यह नहीं दिखा।
शनिवार को विशाखापट्टनम के लिए चलेंगी दो स्पेशल
होली को देखते हुए 05040 आजमगढ़-विशाखपट्टनम एकल यात्रा का संचालन आजमगढ़ से 8 मार्च को होगा। आजमगढ़ से रात 11.55 बजे खुलेगी और दूसरे दिन रात 3.20 बजे वाराणसी कैंट होते हुए तीसरे दिन विशाखपट्टनम शाम 4.15 बजे पहुंचेगी।
05042 बनारस-विशाखपट्टनम एकल यात्रा स्पेशल का संचालन 8 मार्च को होगा। बनारस से रात 10.50 बजे खुलेगी और रात 11 बजे वाराणसी कैंट से होते हुए 12.15 बजे विशाखापट्टनम पहुंचेगी। वहीं, होली को देखते हुए 05038 बलिया-आनंद विहार टर्मिनस एकल यात्रा स्पेशल का संचालन बलिया से 8 मार्च को होगा।
शनिवार को रवाना होगी वाराणसी की 12 सदस्यीय कबड्डी टीम
कबड्डी संघ की ओर से आमंत्रण कबड्डी प्रतियोगिता 9 से 11 मार्च तक गौतमबुद्ध नगर में खेली जाएगी। इसमें वाराणसी जिले की टीम खेलेगी। प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव राजे सिंह ने बताया कि 12 सदस्यीय टीम कप्तान हरीश सिंह के नेतृत्व में खेलेगी। इस प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम शनिवार शाम गौतमबुद्ध नगर रवाना होगी।
पिंक प्रवेश फार्म के माध्यम से होगा बालिकाओं का प्रवेश
पीएमश्री क्वींस इंटर काॅलेज में पहली बार बालिकाओं की प्रवेश प्रकिया शनिवार से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुरू होगी। प्रवेश के लिए विद्यालय की ओर से शुक्रवार को पिंक फाॅर्म जारी किया गया। आठ मार्च को आवेदन करने वाली बालिकाओं की पूरे सत्र की फीस मांफ होगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार ने बताया कि निदेशालय से मंजूरी मिलने के बाद आठ मार्च से विद्यालय में बालिकाओं का प्रवेश शुरू किया जाएगा। पहले दिन प्रवेश फाॅर्म लेने वाली बालिकाओं की फीस माफ रहेगी। इसका वितरण आठ मार्च से शुरू किया जाएगा। पहले दिन आवेदन के लिए नौ बालिकाओं ने नाम दर्ज कराया है।
कथा वाचक शांतनु महाराज का अभिनंदन
प्रख्यात कथा वाचक शांतनु महाराज का शुक्रवार को टकटकपुर में स्वागत एवं अभिनंदन हुआ। महाराज जी ने श्रृद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। भाजपा नेता अजय सिंह बॉबी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधीर सिंह, आशुतोष सिंह ने महाराज जी को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रतीकात्मक स्मृति चिह्न भेंट किया।
भये प्रगट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी...
इमलिया गांव में चल रही श्रीरामकथा के दूसरे दिन शुक्रवार को कथावाचक नीरजानंद शास्त्री महाराज ने भगवान श्रीराम जन्म का वर्णन किया। कहा कि भगवान का जन्म असुरों और पापियों का नाश करने के लिए हुआ। किशोरावस्था से ही प्रभु ने असुरों विनाश कर देवताओं व ऋषि-मुनियों को मुक्त कराया।
इस दौरान भये प्रगट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी... भजन गूंजता रहा। श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते रहे। जन्मोत्सव की खुशी में मंगल गीत गूंजते रहे। महाराज जी ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जन्म होते ही अयोध्या हर्षित हो उठी। इस मौके पर सत्येंद्र बहादुर, ललिता देवी, गौरी शंकर सिंह, सीमा देवी, जयशंकर सिंह, शशि प्रकाश मिश्र, अविनाश सिंह आदि रहे।
काशी विद्यापीठ : राजनीति विज्ञान विभाग एवं पंच परमेश्वर विद्यापीठ, प्रयागराज के मध्य एमओयू
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग एवं पंच परमेश्वर विद्यापीठ, प्रयागराज के मध्य शुक्रवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षर हुआ। इसके द्वारा छात्रों के मध्य स्थानीय स्वशासन को लेकर जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ाना व नेतृत्व क्षमता के विकास को लेकर कार्यक्रम संचालित करना है।
इन कार्यक्रमों के द्वारा पूर्वांचल क्षेत्र में छात्रों के मध्य लोकतंत्र के सुदृढ़ीकरण हेतु जागरूकता तथा भविष्य की चुनौतियों के हिसाब के तैयार करना है। साथ ही विभाग को अध्ययन केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
इसके साथ ही संविधान, नागरिकता, पंचायतीराज, नगर पालिका और संवेदनशील नेतृत्व विकास के बारे में शिक्षण, प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए सभी आवश्यक कदम उठाना। इस अवसर पर पंचपरमेश्वर विद्यापीठ के चेयरमैन डाॅ. चन्द्रशेखर प्राण व राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ, प्रो. रवि प्रकाश गुप्ता, अजीत राय आदि उपस्थित रहे।
प्रो. एमएल श्रोफ़ को दी गई श्रद्धांजलि
बीएचयू के फार्मास्युटिकल विभाग में द्वितीय राष्ट्रीय फार्मेसी शिक्षा दिवस पर शुक्रवार को फार्मेसी जगत के अग्रदूत प्रो. एमएल श्रोफ़ को श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही समारोह का आयोजन किया गया। इस वर्ष का विषय फार्मा और फार्मेसी प्रैक्टिस में उद्यमिता और स्टार्टअप: नवाचार, इनक्यूबेशन सेंटर और फार्मास्युटिकल स्टार्टअप को प्रोत्साहन था। जिसका उद्देश्य फार्मा क्षेत्र में नवाचार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देना है।
प्रो. एमएल श्रोफ़ के जीवन पर आधारित आठ मिनट की लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। इसमें उनके योगदान और फार्मेसी शिक्षा के क्षेत्र में उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों को दर्शाया गया। कार्यक्रम के प्रो. साईराम कृष्णमूर्ति मौजूद रहे।
वैज्ञानिकों ने स्कूलों में बांटे अश्वगंधा के पौधे
आयुष मंत्रालय की ओर से चल रहे अश्वगंधा मिशन के तहत बीएचयू के वैज्ञानिकों की टीम ने शुक्रवार को ऑक्सफोर्ड इंग्लिश स्कूल में अश्वगंधा के पौधे बांटे। इसका उद्देश्य इस पौधों के बहुआयामी फायदों के प्रति लोगों और बच्चों में जागरूकता फैलाना था।
परियोजना के प्रमुख अन्वेषक बीएचयू वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. सतीश कुमार वर्मा, सह प्रमुख अन्वेषक डॉ. अभिषेक कुमार द्विवेदी के निर्देशन वाली टीम ने बताया कि अश्वगंधा का उपयोग प्राचीन आयुर्वेद में किस प्रकार किया जाता रहा है। यह पौधा कई स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए भी उपयोगी है। डॉ. सतीश ने बताया कि जागरूकता अभियान के अंतर्गत, 31 मार्च तक कई क्षेत्रों में 1 लाख अश्वगंधा पौधों का निशुल्क वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है।
दृढ़ विश्वास से राम नाम का मंत्र बन जाता है महामंत्र
रामकथा मर्मज्ञ रवींद्र पाठक ने कहा कि श्रीराम के मंत्रों का निरंतर जाप और उस पर दृढ़ता से विश्वास करने से मनुष्य को सुख शांति एवं सफलता मिलती है। मुक्ति के द्वार अपने आप खुलने लगते हैं। राम नाम का मंत्र तब महामंत्र बनता है जब उस पर दृढ़ विश्वास करेंगे। राम नाम का इतना महत्व है कि कुटिल से कुटिल व्यक्ति का मन बदल जाता है।
वह शुक्रवार को चैतन्य गोशाला ट्रस्ट चिंचवड़ पुणे की ओर से सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित श्री राम कथा मानस मुक्ति के सातवें दिन कथा सुना रहे थे। रवींद्र पाठक ने कहा कि भगवान श्रीराम ने नवधा भक्ति के माध्यम से मुक्ति के नौ द्वार बताए हैं जिसके माध्यम से मनुष्य को अपने आप मुक्ति मिलती है। जो अटूट विश्वास रखते हुए श्रीराम नाम जपता है उसकी मुक्ति निश्चित है।
भक्ति पाने के लिए पहले जपें, विश्वास पूर्वक जपें , शेष गुण स्वतः आ जाएंगे। कलियुग में भगवान का नाम ही आधार है। केवल नाम सुनने और जपने से मानव भव सागर पार हो जाता है। अनावश्यक कार्यों में लिप्त अत्यधिक महत्वाकांक्षा वाला व्यक्ति धीरे-धीरे मानसिक रोग से ग्रस्त हो जाता है तथा हर जगह अपनी प्रशंसा सुनने की अपेक्षा करने लगता है।
परिणाम यह होता है कि समाज में लोग उसे भटका हुआ प्राणी मानने लगते हैं। श्रीरामकथा में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु एवं काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा को पं. रवींद्र पाठक ने सम्मानित किया। इस दौरान चल्ला अन्नपूर्णा प्रसाद, चल्ला सुब्बाराव, संतोष सोलापुरकर, माधव जनार्दन रटाटे, अनंतराम, षडानन पाठक उपस्थित रहे।
बीएचयू में छात्रों से आज अभिषेक सिंह करेंगे संवाद
बीएचयू के हिंदी प्रकाशन समिति की ओर से शनिवार को आयोजित विशेष व्याख्यान में अभिनेता और पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इस दौरान वह विद्यार्थियों के कैरियर संबंधित सवालों का जवाब देंगे। मूल रूप से जौनपुर निवासी अभिषेक सिंह ने वर्ष 2011 मे यूपीएससी की परीक्षा में 94वीं रैंक हासिल की थी। 2020 में उन्होंने एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर लघु फिल्म के साथ अपने अभिनय की शुरुआत की।
रोजगार मेले में 39 युवाओं को हुआ चयन
हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को एक दिवसीय बृहद रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इसमें तीन कंपनी के द्वारा 39 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। अब इन्हें वाराणसी सहित दूसरे जिले में भी नौकरी दी जाएगी। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि इन्हें 10 से 25 हजार तक सैलरी दी जाएगी।
हाई स्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक के 246 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। वाराणसी मंडल सहायक निदेशक (सेवायोजन) के मुकेश कुमार ने जॉब ऑफर प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को ईमानदारी से कार्य करने की सलाह दिया l रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने कहा कि जल्द ही फिर से रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान प्राचार्य डॉ. रजनीश कुंवर ने अपनी संस्था में दोबारा रोजगार मेला आयोजित किये जाने का सुझाव दिया l इस मौके पर डॉ. अनिल कुमार, प्रो. दिव्यानी बरनवाल उपस्थित थे।
50 किलो अबीर-गुलाल और भस्म से होगी हरिश्चंद्र घाट पर होली
रंगभरी एकादशी के दिन ही हरिश्चंद्र घाट पर मसान की होली खेली जाएगी। 2017 से शुरू हुई मसान की होली इस बार भी बाबा मसाननाथ के मंदिर में 10 मार्च को ही मनाई जाएगी। मसान की होली के लिए 50 किलो भस्म और अबीर-गुलाल का इंतजाम किया जा रहा है। इस बार मसान की होली में साधु-संतों के साथ नागा संन्यासी भी शामिल होंगे।
काशी मोक्षदायिनी सेवा समिति के अध्यक्ष पवन चौधरी ने बताया कि इस वर्ष 10 मार्च को हरिश्चंद्र घाट पर मसान की होली खेली जाएगी। होली के पहले रविंद्रपुरी स्थित बाबा कीनाराम की जन्मस्थली से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बाबा कीनाराम, कालूराम, बाबा मसानाथ का चित्र बग्घी पर रहेगा।
शोभायात्रा में डमरू दल के साथ घोड़े पर भोलेनाथ के पांच स्वरूप रहेंगे। इसके साथ ही विभिन्न झांकियों के साथ ढोल-नगाड़ा, बैंड पार्टी शामिल रहेगी। शोभायात्रा कीनाराम जन्म स्थल से उठकर आईपी विजया, भेलूपुर थाना होते हुए सोनारपुर से हरिश्चंद्र घाट पहुंचेगी।
इसके बाद बाबा मसान नाथ का भाव शृंगार व आरती होगी। आरती के बाद बाबा के मंदिर पर ही भस्म, अबीर-गुलाल के साथ होली खेली जाएगी। हरिश्चंद्र घाट पर नागा साधुओं का टेंट लगा हुआ है। पवन चौधरी ने गृहस्थों, महिलाओं और बेटियों को इस आयोजन में शामिल नहीं होने का निवेदन किया है।
आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई को लेकर शनिवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी पांडेयपुर, दौलतपुर, उदयपुर उपकेंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। 33 केवी भेलूपुर, शंकुलधारा उपकेंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर के एक बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इसके साथ ही 33 केवी करौदी, डाफी उपकेंद्रों पर सुबह 12 बजे से दोपहर के 2 बजे तक बिजली बाधित रहेगी।
नागा साधुओं ने रामेश्वर महादेव और मां तुलजा भवानी के किए दर्शन
श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के नागा साधुओं का दल तीसरे दिन शुक्रवार को भी पांच कोस चलने के बाद पंचक्रोशी यात्रा के तीसरे पड़ाव रामेश्वर धाम पहुंचा। उन्होंने देवों के दर्शन किए। रामेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी अनूप तिवारी, विधायक डॉ. सुनील पटेल, व्यापारी नेता शुभम सिंह और ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और आशीष लिया।
यात्रा जंसा में ही देहली विनायक मंदिर पहुंची, जहां उन्होंने गणेश के दर्शन किए। इसके बाद यात्रा सीधे रामेश्वर तीर्थ पहुंची। नागा साधुओं ने रामेश्वर महादेव, मां तुलजा भगवानी व मां दुर्गा का विधिवत पूजन अर्चन किया। इसके दौरान पुजारी अनूप तिवारी, ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव के नेतृत्व में युवाओं ने भी स्वागत किया। उन्हें जलपान कराया। यात्रा में श्रीमहंत रवींद्रपुरी, रमेश गिरि, मृत्युंजय भारती, विवेक भारती, मनोज गिरि, गंगा गिरि, प्रेमपुरी, बंशीपुरी, विनोद गिरी, उमाशंकर गिरि आदि शामिल रहे।
निरंजनी अखाड़े की यात्रा हुई स्थगित : श्रीपंचायती अखाड़ा निरंजनी की पंचक्रोशी यात्रा स्थगित कर दी गई है। अब उनकी यात्रा अगले साल महाशिवरात्रि के बाद होगी। अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र गिरि ने बताया कि नौ मार्च को यात्रा निकाली जानी थी, लेकिन अब इसे स्थगित कर दी गई है।
बिछड़ चुके हैं कब के खुद हमीं से हम...
बनारस लिट फेस्ट के तीसरे संस्करण में शुक्रवार को कविता पाठ, गजल, मोनो एक्ट और योग का आयोजन हुआ। हुनर के सरताज मंच पर आयोजित कार्यक्रम में काशी विद्यापीठ के छात्र जयंत मौर्य ने योग प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया, जबकि ईशा सिंह ने शेक्सपियर के नाटक से क्लियोपैट्रा का मोनोएक्ट प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।
अगली प्रस्तुति में गजल पाठ के दौरान मंडल मिश्र, अमन भदौरिया और रोशनी गुप्ता ने अपनी शायरी से जादू बिखेरा। अमन भदौरिया की गजल बिछड़ चुके हैं कब के खुद हमीं से हम, बचे हुए हैं बस ये शायरी से हम... ने सभी को भावविभोर कर दिया। राजन शुक्ला की कविता पर दर्शक झूम उठे, जबकि मयंक बनारसी ने काशी पर अपनी कविता से सबका दिल जीत लिया।
लखनऊ से आए अनुराग त्रिपाठी ने अपनी किताब के तीन दृश्यों का पाठ किया और शब्द फाउंडेशन के माध्यम से साहित्य के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान की सराहना की गई। जीडी मेमोरियल एंकर्स इंग्लिश स्कूल के बच्चों ने सरस्वती वंदना और प्रकृति संरक्षण पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
काशी विद्यापीठ में छात्रों ने ली नशामुक्ति, दहेज मुक्त भारत की शपथ
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को पढ़े विश्वविद्यालय एवं बढ़े विश्वविद्यालय और दहेज मुक्त भारत एवं नशा मुक्त भारत शपथ ग्रहण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई। इस दौरान कुलपति प्रो.एके त्यागी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है।
यह अभियान केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें संपूर्ण विश्वविद्यालय के विकास की परिकल्पना की गई है। कार्यक्रम में कुलपति के नेतृत्त्व में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, कर्मचारियों, अधिकारियों ने पुस्तक पढ़ी। इस दौरान प्रो. निरंजन सहाय, कुलसचिव दीप्ती मिश्रा, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, प्रो. राजेश कुमार मिश्र, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
15 अनाथ बालिकाओं का हुआ विवाह
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्वसंध्या पर 15 अनाथ बालिकाओं का विवाह कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनर्वासित किया गया। शुक्रवार को पिंडरा ब्लाॅक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 68 सामूहिक विवाह हुए। इसमें राजकीय पश्चात्वर्ती देखरेख संगठन, रामनगर की 15 संवासियों का भी विवाह पिंडरा भाजपा विधायक डाॅ. अवधेश सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या की मौजूदगी में हुआ।
इसमें वाराणसी के समाजसेवियों ने बालिकाओं को कई उपहार जैसे अलमारी, ट्रॉली बैग, गैस चूल्हा, सिलेंडर, उपयोग के बर्तन, साड़ी -लहंगा और बिस्तर आदि दिए। वर-वधू जोड़ों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का प्रमाण पत्र भी दिए गए। संस्था में आवासित 15 महिलाएं अनाथ श्रेणी की भी थीं।
इनके विवाह के लिए नियमानुसार आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदन के पुलिस वेरिफिकेशन के बाद जिलाधिकारी की ओर से गठित विवाह समिति से एडीएम सिटी की अध्यक्षता में जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर शरण पांडेय ने आमंत्रित वर के साक्षात्कार किए। इसके बाद उपयुक्त जोड़ों का चयन हुआ।
महिलाओं के योगदान को समाज में मान्यता देने की जरूरत
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बसनी स्थित सरस्वती शिक्षण संस्थान में महिला सम्मान समारोह हुआ। शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने किया। उन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के अधिकार, सामाजिक भूमिका और सशक्तीकरण की दिशा में कांग्रेस लगातार कार्य कर रही है। रीना राय ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने और उनके योगदान को समाज में उचित मान्यता देने की आवश्यकता है। समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि और स्थानीय नेताओं की उपस्थिति रही। विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट किया गया।
युवा उद्यमी के लिए कौशल प्रशिक्षण अनिवार्य
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण प्रमाण पत्र अनिवार्य है। खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग की ओर से उद्यमिता विकास कार्यक्रम के रूप में ऑनलाइन प्रशिक्षण कराया जाता है। जिसकी कुल अवधि 5 दिन है। इसमें कई मॉड्यूल और मूल्यांकन प्रक्रियाएं शामिल हैं।
इसे सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद आवेदकों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र दिया जाता है। प्रशिक्षण के लिए निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होता है। उद्योग अधिकारियों के अनुसार 17 मार्च तक प्रशिक्षण पूरा कर प्रमाण पत्र की एक प्रति कार्यालय, जिला उद्योग प्रोत्साहन व उद्यमिता विकास केंद्र वाराणसी में जमा करनी हैं।
प्रो. रश्मि बनीं मुद्रणालय एवं प्रकाशन विभाग की विशेष कार्याधिकारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मनोविज्ञान विभाग की प्रो. रश्मि सिंह को मुद्रणालय एवं प्रकाशन विभाग का विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। उपकुलसचिव हरीश चंद ने बताया कि इससे पहले विशेष कार्याधिकारी प्रो. केके अग्रवाल 21 मार्च को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसी के चलते कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने प्रो. रश्मि को इस पर नियुक्त किया है।
आज आठ चौराहों की यातायात व्यवस्था संभालेंगे महिला पुलिसकर्मी
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को शहर के आठ चौराहों की यातायात व्यवस्था की कमान महिला पुलिसकर्मी संभालेंगी। इन आठ चौराहों में लंका स्थित मालवीय चौराहा, गोदौलिया चौराहा, रथयात्रा चौराहा, मलदहिया चौराहा, लहुराबीर चौराहा, पुलिस लाइंस चौराहा, पांडेयपुर चौराहा और गिलट बाजार चौराहा शामिल है।
एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि प्रत्येक चौराहे पर चार-चार महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। उनके सहयोग के लिए 'अमर उजाला' समाचार पत्र की पांच-पांच महिला वॉलंटियर भी रहेंगी। महिला पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था का संचालन कैसे कर रही हैं और उन्हें कोई दिक्कत तो नहीं आ रही है, निरीक्षण कर इसे देखा जाएगा। एडीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के दृष्टिगत इस पहल का सकारात्मक और सार्थक संदेश समाज में जाएगा।
इंक्रीमेंट रुका, बीएचयू के 300 असिस्टेंट प्रोफेसरों ने घेरा सेंट्रल ऑफिस
पांच इंक्रीमेंट वापस लेने के फैसले को लेकर बीएचयू के 300 असिस्टेंट प्रोफेसरों ने सेंट्रल ऑफिस का घेराव कर जमकर विरोध किया। रजिस्ट्रार से मिलकर बताया कि इस फैसले से असिस्टेंट प्रोफेसरों को हर महीने 12 से 20 हजार रुपये का घाटा होगा। वहीं नौकरी भर में कुल 15 लाख रुपये तक का नुकसान होगा। इसलिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, यूजीसी और शिक्षा मंत्रालय को सूचित कर उनकी समस्याओं का निदान किया जाए।
असिस्टेंट प्रोफेसरों को वेतन के अलावा पीएचडी एमफिल इंक्रीमेंट (नॉन-कंपाउंडेड इंक्रीमेंट) मिलता है। वेतन का 3 प्रतिशत और 5 इंक्रीमेंट मिलाकर 15 प्रतिशत हो गया। इसी राशि को यूजीसी ने पत्रक जारी कर खत्म करा दिया है।
126 परीक्षा केंद्रों पर हुई अंग्रेजी की परीक्षा, तीन बंदियों ने भी दी
वाराणसी। यूपी बोर्ड की परीक्षा में शुक्रवार को हाईस्कूल की पहली पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। 126 केंद्रों पर 39560 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें केंद्रीय कारागार में तीन बंदियों ने भी परीक्षा दी। वहीं, इंटरमीडिएट की कंप्यूटर और कृषि विषय की परीक्षा में 831 परीक्षार्थियों ने 28 केंद्रों पर परीक्षा दी। हाईस्कूल की परीक्षा के 42031 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें 2471 अनुपस्थित रहे। 12वीं की परीक्षा के लिए 853 में से 22 विद्यार्थी अनुपस्थित रहें, जबकि 831 ने परीक्षा दी।
निःशुल्क टूल किट्स का वितरण और प्रधानों का सम्मान आज
उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड व खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से शनिवार को लहरतारा स्थित कार्यालय में एक दिवसीय माटीकला सेमिनार का आयोजन शनिवार को किया जाएगा। इसमें निशुल्क 32 विद्युत चालित चाक, 10 निशुल्क मोटराइज्ड दोना पत्तल मशीन का वितरण किया जाएगा।
ग्राम प्रधानों को सम्मान स्वरूप 2000 रुपये, खादी अंगवस्त्र और प्रमाणपत्र से सम्मानित किया जाएगा। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी यूपी सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या होंगी।
शहर के वाटर रिचार्जिंग में इंटरलाॅकिंग होगी मददगार
शहर के वाटर रिचार्जिंग में इंटरलॉकिंग मददगार होगी। घटते जलस्तर को बढ़ाने के लिए गलियों में इंटरलॉकिंग कराई जा रही है। कच्ची जमीनों को पक्का करने के दौरान इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि वाटर रिचार्जिंग भी बेहतर की जा सके। अमूमन गलियों में पत्थर के चौके बिछाए गए हैं। इन पत्थरों को जोड़ने के लिए सीमेंट का इस्तेमाल किया जाता है। इसके चलते पानी जमीन के नीचे नहीं जा पाता है।
इंटरलॉकिंग के लिए बालू नीचे बिछाई जाती है। इसके बाद इंटरलॉकिंग को आपस में जोड़कर बैठा दिया जाता है। जिससे बारिश व अन्य पानी बालू सोखकर जमीन के नीचे भेज देता है। इसे देखते हुए नगर निगम ने तय किया है कि गलियों और सड़क किनारे इंटरलॉकिंग लगाई जाएगी।
यही कारण है कि अब जो भी काम गलियों में कराया जा रहा है वह पत्थर के चौकों के बजाय इंटरलॉकिंग पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा सड़क किनारे भी इंटरलॉकिंग ही कराई जा रही है। इससे दो फायदे होंगे। पहला भूगर्भ जलस्तर बेहतर होगा। दूसरा भविष्य में यदि खोदाई की नौबत आई तो इंटरलॉकिंग आसानी से उखड़ जाएगी।
इसमें उखाड़ने के दौरान एक दो इंटरलॉकिंग ही खराब होती है बाकी आसानी से उखड़ जाती है। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शहर की हरियाली और भूगर्भ जलस्तर को बेहतर करने के उपायों पर जोर दिया है। इसी क्रम में दुर्गाकुंड की सफाई कराई जा रही है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को पर्यावरण को बेहतर बनाने की दिशा में काम करने की हिदायत दी है।
फायर फाइटिंग और सुरक्षा उपकरणों का दिया प्रशिक्षण
बरेका में 54वें राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह के तहत शुक्रवार को कारखाना परिसर के कर्मचारियों को फायर फाइटिंग, व्यक्तिगत संरक्षा उपकरण का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान संरक्षा शपथ, संरक्षा प्रश्नोत्तरी व पुरस्कार वितरण किया गया। राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में संरक्षा संगोष्ठी, संरक्षा प्रदर्शनी, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और मॉक ड्रिल जैसी गतिविधियां भी शामिल की जाएंगी।
कार्बोहाइड्रेट खिलाड़ियों को चोट से उबारने में मददगार
कार्बोहाइड्रेट खिलाड़ियों को चोट से उबारने में मदद करने के अलावा उन्हें ऊर्जा देने में मददगार है। इसका खुलासा बीएचयू शारीरिक शिक्षा विभाग की शोध में हुआ है। इस शोध में 1500 खिलाड़ियों को शामिल किया गया था।
शोधकर्ता चंदू धीमान ने बताया कि हमनें शोध में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के खिलाड़ियों को शामिल किया। 3-3 माह तक खिलाड़ियों का प्रदर्शन और खानपान पर नजर रखी। खाने में कार्बाहाइड्रेट लेने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार हुआ और उनकी शारीरिक क्षमता में भी इजाफा हुआ। जबकि इसका सेवन न करने वालों या कम मात्रा में कार्बोहाइड्रेट लेने वाले खिलाड़ियों की क्षमता घट गई।
चंदू धीमान ने बताया कि लगातार वर्कआउट करने और खेलने के लिए कार्बोहाइट्रेड जरूरी है। यह चोट से उबरने में भी मदद करता है। इस शोध के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार और 80 हजार नकद धनराशि मिली हैं।
खिलाड़ियों के लिए सही न्यूट्रीशन मिलना जरूरी
काशी हिंदू विश्वविद्यालय शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. प्रदीप सिंह चाहर यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका के फ्लोरिडा स्टेट विवि में बतौर विजिटिंग वैज्ञानिक शैक्षणिक सेवाएं देंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए न्यूट्रीशन का रोल महत्वपूर्ण होता है। सही न्यूट्रीशन न मिलने से वे अपनी क्षमतानुसार प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। डॉ. प्रदीप चाहर ने तीन मार्च को यूएसए में ज्वाॅइन कर लिया। वे विवि में शैक्षणिक और शोध के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देंगे।
पीएम सांसद आदर्श गांव पुरे की प्रधान सम्मानित
प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम पंचायत पुरे की ग्राम प्रधान अमरावती मौर्य को महिला जागरूकता गोष्ठी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। महिला दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ में कार्यक्रम हुआ। इसमें सेवापुरी ब्लॉक पुरे की ग्राम प्रधान को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष अवस्थी, राजेश पटेल, रामकृपाल आदि ने खुशी जाहिर की।
एक दूजे के हुए 61 जोड़े, 2 का निकाह
समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह याेजना के तहत शुक्रवार को पिंडरा ब्लाॅक में 61 जोड़ों की शादी हुई। मंगल धुन के बीच मंडपों में वैदिक रीति-रिवाज से शादी की रस्म निभाई गई। वहीं, दो जोड़ों को निकाह पढ़ाया गया। सबसे ज्यादा बड़ागांव ब्लाॅक के 26 जोड़ों का विवाह हुआ।
विधायक अवधेश सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने उनको उपहार देकर आशीर्वाद दिया। सभी को विभाग की ओर से गृहस्थी की सामग्री दी गई। वधु के खाते में 35 हजार रुपये भेजे जाएंगे।
अवधेश सिंह, पूनम मौर्या, जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दूबे सहित सभी ब्लाॅकों के बीडीओ आदि अधिकारियों ने जोड़ों को आशीर्वाद दिया। पिंडारा के 20, काशी विद्यापीठ और सेवापुरी के तीन-तीन जोड़े तथा शहरी निकाय के नौ जोड़ों की शादी हुई। अगला विवाह 12 मार्च को शहरी क्षेत्र में होगा।
काशी विद्यापीठ में प्रो. रश्मि सिंह बनीं विशेष कार्याधिकारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मनोविज्ञान विभाग की प्रोफेसर रश्मि सिंह को मुद्रणालय एवं प्रकाशन विभाग में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। उपकुलसचिव हरीश चंद ने बताया कि वर्तमान में वाणिज्य विभाग के प्रो. केके अग्रवाल के 21 मार्च को सेवानिवृत्त होने के बाद उनके स्थान पर प्रो. रश्मि सिंह को ये जिम्मेदारी दी गई है।
दधिबल ने सोना जीत कर एशियन मास्टर्स के लिए किया क्वालिफाई
बंगलूरू के कांतीरवा स्टेडियम में चल रही 45वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैपियनशिप में रामनगर, पटनवा के दधिबल चौहान ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पांच किमी रेस वाॅक में स्वर्ण जीता लिया है। इसके साथ ही उन्होंने अक्तूबर में इंडोनेशिया में होने वाली एशियन मास्टर्स चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
शंकुलधारा पार्क में मिलेंगे डेयरी प्रोडक्ट, मेयर ने किया उद्घाटन
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को शंकुलधारा पार्क में मदर डेयरी प्रोडक्ट के विक्रय केंद्र का उद्घाटन किया। पिछले दिनों कार्यकारिणी में पार्कों में दुग्ध उत्पाद विक्रय केंद्र खोलने का प्रस्ताव पारित किया गया था। उसी क्रम में इस केंद्र की शुरुआत की गई है। मदर डेयरी को यह पार्क पांच साल के लिए आवंटित किया गया है।
हर साल इसका नवीनीकरण होगा। संस्था को प्रतिमाह पांच हजार रुपये किराया देना होगा। उद्घाटन अवसर पर पार्षद रीता देवी, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, उद्यान अधीक्षक वीके सिंह, मदर डेयरी के रीजनल सेल्स मैनेजर पुनीत मौजूद रहे।
होली पर 24 घंटे होगी पानी की आपूर्ति
होली की तैयारी को लेकर शुक्रवार को नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में बैठक हुई। इसमें मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि होली वाले दिन 24 घंटे पानी की आपूर्ति होगी। इस दिन पूरी रात सफाईकर्मी काम करेंगे। होलिका दहन स्थल की सफाई 24 घंटे के भीतर होगी।
मेयर ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके जोन में होलिका दहन के स्थानों को चिह्नित करें। सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं अवर अभियंताओं को उन सभी स्थानों के आसपास बेहतर सफाई व्यवस्था करने एवं पैच वर्क कराने के निर्देश दिए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि होलिका स्थानों पर दहन के बाद 24 घंटे में मलबा एवं राख की सफाई कराई जाए। महाप्रबंधक जलकल को निर्देश दिया कि होली के दिन पूरे दिन 24 घंटे पेयजल की आपूर्ति की जाए।
मेयर ने रामनगर, सूजाबाद एवं नव विस्तारित क्षेत्रों में भी पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था के निर्देश दिए। होली पर कहीं भी सीवर सड़कों पर ओवरफ्लो न होने पाए। इस संबंध में होली के दिन भी सीवर सफाईकर्मी एवं सफाई कर्मी काम करेगें। मेयर ने कहा कि गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक पटरियों पर अवैध दुकानें लगाकर अतिक्रमण किया जाता है। इस मार्ग पर लगातार अतिक्रमण अभियान चलाया जाए।
दशाश्वमेध घाट एवं अस्सी घाट पर उनके संपर्क मार्गों पर विशेष रूप से सफाई कराने के निर्देश दिए। जलनिगम को निर्देशित किया कि मणिकर्णिका घाट पर होने वाली होली को देखते हुए सीवर ओवर फ्लो नहीं होना चाहिए। मेयर ने मुख्य अभियंता से कहा, मार्च महीने से ही नाला सफाई का कार्य प्रारंभ करा दें।
8 ब्लॉकों में बनेंगे सामुदायिक भवन और बरातघर
जिले के 8 ब्लॉकों में वीडीए माॅडल सामुदायिक भवन और बरात घर का निर्माण कराएगा। इससे संंबंधित ब्लॉक के लोगों को किसी भी कार्यक्रम के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। न ही इसके लिए अधिक पैसा खर्च करना पड़ेगा। सामान्य शुल्क में आम जनता को ये स्थान मुहैया कराए जाएंगे।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार सेवापुरी के ठठरा गांव में 2.75 करोड़ रुपये की लागत से काम शुरू करा दिया गया है। इस परियोजना से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। शासन की मंशा के अनुरूप हर ब्लॉक में सामुदायिक भवन और बरातघर के निर्माण को मूर्त रूप दिया जा रहा है।
सबसे अधिक दिक्कत आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेटियों की शादी विवाह व अन्य कार्यक्रम कराने में होती है। इसे देखते हुए हर ब्लॉक में इस प्रकार के सामुदायिक भवन और बारात घर से काफी लाभ होगा। इसके लिए लंबे समय से मांग की जा रही थी।
सेवापुरी में होने वाले निर्माण कार्य की माॅनीटरिंग वीडीए ने शुरू कर दी है। वीडीए उपाध्यक्ष ने निर्माण कार्य को निर्धारित अवधि और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा है। साथ ही अवर अभियंता को नियमित निरीक्षण करने की भी जिम्मेदारी दी है ताकि काम को लेकर किसी प्रकार की देरी न होने पाए।
संस्कृत केवल एक भाषा मात्र नहीं है यह हमारी संस्कृति है- प्रो. चंद्रकांता राय
आर्य महिला पीजी कॉलेज के संस्कृत विभाग और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के संयुक्त तत्त्वावधान में शुक्रवार को संस्कृत अध्ययन केंद्र का उद्घाटन और पुस्तक वितरण समारोह हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना दूबे ने की। उन्होंने कहा कि मेरी शिक्षा-दीक्षा पुणे में होने के कारण अध्ययन का माध्यम संस्कृत नहीं रहा न ही कभी अतिरिक्त विषय के रूप में संस्कृत पढ़ी। इससे मुझे सनातन संस्कृति के मूल तत्त्वों को समझने में कठिनाई होती है।
भविष्य में महाविद्यालय की अपनी संस्कृति को जानें और इसमें वार्तालाप कर सकें, इसके लिए हमने यह संस्कृत अध्ययन केन्द्र खुलवाने का निर्णय लिया। प्रो. चन्द्रकान्ता राय ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा मात्र नहीं है अपितु यह हमारी संस्कृति, हमारा धर्म, हमारा कर्म और हमारे संस्कार के रूप में है।
संस्कृत केवल लौकिक भाषा नहीं है यह गीर्वाणवाणी, देववाणी, वेदवाणी के रूप में है। इसी भाषा में ही ऋषि-तुल्य आचार्यों ने धर्मशास्त्र, वेदाङ्ग, षड् दर्शन, साहित्य आदि शास्त्रों का निर्माण किया। यह संस्कृत एक बृहद् वाङ्मय के रूप में हमारे समक्ष विद्यमान है। भाषा बोलने से और विषयवस्तु पठन से आता है और यह संस्कृत अध्ययन केन्द्र इन दोनों ही पद्धतियों द्वारा सरलतया छात्रों को शिक्षित कर रहा है।
इसके साथ ही छात्राओं द्वारा संस्कृत नाटिका, संस्कृत गीत, सामूहिक संस्कृत गीत एवं स्व-अनुभव कथन आदि का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में स्नातक एवं स्नातकोत्तर सहित लगभग 65 छात्राएँ उपस्थित थीं। कार्यक्रम में डॉ. नागमणि त्रिपाठी, डॉ. अरिमा त्रिपाठी, डॉ. रितु कयाल तथा डॉ. विनीता सिंह उपस्थित रहे।
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें कार्यकर्ता
समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शुक्रवार को अर्दली बाजार स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने पीडीए जन पंचायत कार्यक्रम पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 2027 में सरकार बनाने एवं बूथ मजबूती पर ध्यान दें। पार्टी के पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की अपील की।
पीडीए जन चर्चा कार्यक्रम पिछले 27 जनवरी से लगातार सभी विधानसभाओं में सेक्टरवार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, पीडीए जन चर्चा कार्यक्रम से भाजपा सरकार घबराई हुई है। बेरोजगार और नौजवान आत्महत्या कर रहे हैं। इसके उलट भाजपा सरकार अपनी झूठी प्रशंसा करने में व्यस्त है।
इस दौरान जिला प्रवक्ता संतोष यादव, जिला महासचिव आनंद मौर्या, डॉ. उमाशंकर यादव, पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य, उमेश प्रधान, मनीष सिंह, रामसिंह यादव मौजूद रहे।
उधर, ललिता स्थित भेलूपुर में महानगर की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार पूरी तरह से हिटलर शाही पर उतर आई है। विपक्षियों के आवाज को दबाने के लिए उनके ऊपर फर्जी मुकदमा से लेकर तरह तरह से उत्पीड़न कर रही है। किशन दीक्षित ने कहा कि पीडीए जन चौपाल कार्यक्रम को और तेज कर सभी को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का काम करें। इस दौरान योगेंद्र यादव, रामजी यादव, राधा बिंद, बहादुर सिंह यादव ने विचार रखे।
होली के दिन शहर में 24 घंटे की जाएगी पानी की आपूर्ति
होली की तैयारी को लेकर शुक्रवार को नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में बैठक हुई। इसमें मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि होली वाले दिन 24 घंटे पानी की आपूर्ति होगी। इस दिन पूरी रात सफाईकर्मी काम करेंगे। होलिका दहन स्थल की सफाई 24 घंटे के भीतर होगी।
मेयर ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके जोन में होलिका दहन के स्थानों को चिह्नित करें। सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं अवर अभियंताओं को उन सभी स्थानों के आसपास बेहतर सफाई व्यवस्था करने एवं पैच वर्क कराने के निर्देश दिए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि होलिका स्थानों पर दहन के बाद 24 घंटे में मलबा एवं राख की सफाई कराई जाए।
मेयर ने रामनगर, सूजाबाद एवं नव विस्तारित क्षेत्रों में भी पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था के निर्देश दिए। होली पर कहीं भी सीवर सड़कों पर ओवरफ्लो न होने पाए।
नकल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो : गुलाब देवी
राज्यमंत्री गुलाब देवी ने शुक्रवार को जिले के दो महिला विद्यालयों का निरीक्षण किया और परीक्षा की गुणवत्ता परखी। साथ राजकीय विद्यालयों में चल रही सभी योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा, नकल विहीन परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार काम कर रहे है। दो दिवसीय दौरे पर आईं राज्यमंत्री काशी विश्वनाथ में दर्शन पूजन के बाद सुबह क्वींस इंटर काॅलेज पहुंचीं। यहां विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे जानकारी ली। इसके बाद आर्य महिला इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया।
आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई को लेकर शनिवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी पांडेयपुर, दौलतपुर, उदयपुर उपकेंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। 33 केवी भेलूपुर, शंकुलधारा उपकेंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर के एक बजे तक बिजली नहीं रहेगी।
विशाखापट्टनम के लिए चलेंगी दो ट्रेनें
होली को देखते हुए 05040 आजमगढ़-विशाखपट्टनम एकल यात्रा का संचालन आजमगढ़ से 8 मार्च को होगा। आजमगढ़ से रात 11.55 बजे खुलेगी। 05042 बनारस-विशाखपट्टनम एकल यात्रा स्पेशल का संचालन 8 मार्च को होगा।
126 परीक्षा केंद्रों पर हुई अंग्रेजी की परीक्षा
यूपी बोर्ड की परीक्षा में शुक्रवार को हाईस्कूल की पहली पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। 126 केंद्रों पर 39560 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें केंद्रीय कारागार में तीन बंदियों ने भी परीक्षा दी। वहीं, इंटरमीडिएट की कंप्यूटर और कृषि विषय की परीक्षा में 831 परीक्षार्थियों ने 28 केंद्रों पर परीक्षा दी। हाईस्कूल की परीक्षा के 42031 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें 2471 अनुपस्थित रहे। 12वीं की परीक्षा के लिए 853 में से 22 विद्यार्थी अनुपस्थित रहें, जबकि 831 ने परीक्षा दी।
रोजगारपरक कोर्स के लिए 28 मार्च से साक्षात्कार
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट में अनुसूचित जाति/जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग और इन वर्गों के दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए एक वर्ष का कार्यालय प्रबंधन प्रशिक्षण कोर्स शुरू होगा। अप्रैल से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। सहायक निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि टंकण, आशुलिपि, सचिवीय पद्धति एवं सामान्य गणित आदि विषयों की पढ़ाई होगी।
अर्हता 18 से 35 वर्ष और शैक्षिक योग्यता इंटर उत्तीर्ण होना चाहिए। हाईस्कूल स्तर पर अंग्रेजी विषय अनिवार्य है। महिला अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 28 मार्च और पुरुष अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 29 मार्च को सुबह साढ़े दस बजे होगा। कोचिंग प्रभारी नीलेश कुमार स्वर्णकार के निर्देशन में अनुदेशक प्रशिक्षण देंगे।
प्रो. रश्मि सिंह बनीं विशेष कार्याधिकारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मनोविज्ञान विभाग की प्रोफेसर रश्मि सिंह को मुद्रणालय एवं प्रकाशन विभाग में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। उपकुलसचिव हरीश चंद ने बताया कि वर्तमान में वाणिज्य विभाग के प्रो. केके अग्रवाल के 21 मार्च को सेवानिवृत्त होने के बाद उनके स्थान पर प्रो. रश्मि सिंह को ये जिम्मेदारी दी गई है।
रोजगार मेले में 39 युवाओं का हुआ चयन
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में तीन कंपनी ने 39 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। अब इन्हें वाराणसी सहित दूसरे जिले में भी नौकरी दी जाएगी। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि इन्हें 10 से 25 हजार तक सैलरी दी जाएगी।
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक के 246 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। वाराणसी मंडल सहायक निदेशक (सेवायोजन) के मुकेश कुमार ने अभ्यर्थियों को ईमानदारी से कार्य करने की सलाह दी। प्राचार्य डॉ. रजनीश कुंवर, डॉ. अनिल कुमार, प्रो. दिव्यानी बरनवाल उपस्थित थे।
वैज्ञानिकों ने स्कूलों में बांटे अश्वगंधा के पौधे
आयुष मंत्रालय की ओर से चल रहे अश्वगंधा मिशन के तहत बीएचयू के वैज्ञानिकों की टीम ने शुक्रवार को ऑक्सफोर्ड इंग्लिश स्कूल में अश्वगंधा के पौधे बांटे। इसका उद्देश्य इस पौधों के बहुआयामी फायदों के प्रति लोगों और बच्चों में जागरूकता फैलाना था।
परियोजना के प्रमुख अन्वेषक बीएचयू वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. सतीश कुमार वर्मा, सह प्रमुख अन्वेषक डॉ. अभिषेक कुमार द्विवेदी के निर्देशन वाली टीम ने बताया कि अश्वगंधा का उपयोग प्राचीन आयुर्वेद में किस प्रकार किया जाता रहा है। यह पौधा कई स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए भी उपयोगी है। डॉ. सतीश ने बताया कि जागरूकता अभियान के अंतर्गत, 31 मार्च तक कई क्षेत्रों में 1 लाख अश्वगंधा पौधों का निशुल्क वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ. प्रदीप फ्लोरिडा विवि में बने विजिटिंग प्रोफेसर
काशी हिंदू विश्वविद्यालय शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. प्रदीप सिंह चाहर यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका के फ्लोरिडा स्टेट विवि में बतौर विजिटिंग वैज्ञानिक शैक्षणिक सेवाएं देंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए न्यूट्रीशन का रोल महत्वपूर्ण होता है। सही न्यूट्रीशन न मिलने से वे अपनी क्षमतानुसार प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। डॉ. प्रदीप चाहर ने तीन मार्च को यूएसए में ज्वाॅइन कर लिया। वे विवि में शैक्षणिक और शोध के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देंगे।
डॉ. प्रदीप फ्लोरिडा विवि में बने विजिटिंग प्रोफेसर
काशी हिंदू विश्वविद्यालय शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. प्रदीप सिंह चाहर यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका के फ्लोरिडा स्टेट विवि में बतौर विजिटिंग वैज्ञानिक शैक्षणिक सेवाएं देंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए न्यूट्रीशन का रोल महत्वपूर्ण होता है। सही न्यूट्रीशन न मिलने से वे अपनी क्षमतानुसार प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। डॉ. प्रदीप चाहर ने तीन मार्च को यूएसए में ज्वाॅइन कर लिया। वे विवि में शैक्षणिक और शोध के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देंगे।
काशी विद्यापीठ और प्रयागराज की पंच परमेश्वर विद्यापीठ के बीच हुआ एमओयू
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग और पंच परमेश्वर विद्यापीठ प्रयागराज के बीच शुक्रवार को एमओयू के तहत समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हुए। इस एमओयू के तहत दोनों शैक्ष्ाणिक संस्थ्ाानों के बीच विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों के बीच समन्वय बनाने का काम होगा।
नेतृत्व क्षमता के विकास को लेकर कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पूर्वांचल क्षेत्र में छात्रों को लोकतंत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए जागरूकता और भविष्य की चुनौतियों के हिसाब के तैयार करना है। इस समझौते के तहत राजनीति विज्ञान विभाग को अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
इसके साथ ही संविधान, नागरिकता, पंचायतीराज, नगर पालिका और संवेदनशील नेतृत्व विकास के बारे में शिक्षण, प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए सभी आवश्यक कदम उठाना। इस अवसर पर पंचपरमेश्वर विद्यापीठ के चेयरमैन डाॅ. चंद्रशेखर प्राण व राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ, प्रो. रवि प्रकाश गुप्ता, अजीत राय आदि उपस्थित रहे।
संस्कृत विवि और विद्यापीठ में दहेज मुक्त और नशा मुक्त भारत की दिलाई गई शपथ
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय हमारे समाज के शिक्षा के केंद्र हैं, जहां छात्रों को ज्ञान, कौशल और मूल्यों की शिक्षा दी जाती है।
पढ़े विश्वविद्यालय-पढ़े महाविद्यालय और बढ़े विश्वविद्यालय-बढ़े महाविद्यालय हमें विश्वविद्यालय और महाविद्यालय की भूमिका के बारे में सोचने के लिए प्रेरित करता है।
वह शुक्रवार को पाणिनि भवन सभागार में दहेज मुक्त भारत के लिए प्रतिज्ञा तथा नशा मुक्त भारत के लिए आयोजित शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। पूर्वाह्न 11 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक पुस्तकों का वाचन और गीता पाठ किया गया। मुख्य भवन के समक्ष दहेज मुक्त भारत व नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। वहीं, काशी विद्यापीठ में कुलपति प्रो. एके त्यागी के निर्देशन में शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को दहेज मुक्त भारत व नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।
बीमारी की रोकथाम में एआई मददगार
कार्डियबकॉन सोसाइटी की ओर से तीन दिवसीय नेशनल काॅन्फ्रेंस कार्डियबकॉन 2025 के पहले दिन हृदय और किडनी रोग के कारण और उपचार पर मंथन हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने बदलते परिवेश में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) को हृदय शुगर व किडनी के रोगों के रोकथाम के लिए काफी मददगार बताया।
कहा कि इसकी मदद से इलाज की तकनीक को और बेहतर किया जा सकता है। स्वतंत्रता भवन में आयोजित कार्यक्रम में पहले 6सत्रों में कार्डियो किडनी मेटाबॉलिक सिंड्रोम पर चर्चा हुई।
वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग माध्यम से यूएई के डॉ. विनय तोष ने कहा कि कार्डियोवैस्कुलर किडनी मेटाबॉलिक सिंड्रोम हृदय, गुर्दे व मधुमेह यह मोटापे से जुड़ा एक स्वास्थ्य विकार है। इस दौरान जेनेटिक टेस्टिंग को भी उपयोगी बताया गया। पहले दिन डॉक्टर आशुतोष मिश्रा, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. विकास अग्रवाल, डॉ. अमित भास्कर, डॉ. सुषमा तिवारी, प्रो. धर्मेद्र जैन आदि ने हृदय रोग से बचाव के लिए व्यायाम करने को कहा।
आपदा के समय करें उचित प्रबंधन
स्वास्थ्य मंत्रालय और आईएमएस बीएचयू के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय आपदा प्रबंधन कार्यशाला का समापन हुआ। देश के कई राज्यों से आए अस्पताल के अधीक्षकों को आपदा में आने वाली चुनौतियों से निपटने के के बारे में बताया। बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर परिसर के स्किल सेंटर में हुई कार्यशाला में गुजरात, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा एवं दमन व दीव के वरिष्ठ अधिकारियों समेत 37 प्रतिनिधियों शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने कहा कि आपदा से पूर्व अस्पतालों में कैसे बेहतर तैयारी करें। सभी प्रतिभागियों को चौकाघाट का एनडीआरएफ सेंटर दिखाया गया। इस दौरान एनडीआरएफ के डीआईजी मनोज कुमार शर्मा, डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. विवेक और डॉ. संतोष के नेतृत्व में मॉकड्रिल हुई। ट्रॉमा सेंटर के इंचार्ज प्रो. सौरभ सिंह, प्रो.राजेश मीणा, डॉ. कविता मीणा आदि मौजूद रहे।
महिलाओं के योगदान को मान्यता देने की जरूरत
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बसनी स्थित सरस्वती शिक्षण संस्थान में महिला सम्मान समारोह हुआ। शुभारंभ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के अधिकार और सशक्तीकरण के लिए कांग्रेस कार्य कर रही है। रीना राय ने कहा कि महिलाओं के योगदान को समाज में उचित मान्यता देने की आवश्यकता है। कांग्रेस कमेटी के अधिकारी माैजूद रहे। इसमें महिलाओं को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
केंद्रीय अध्यक्ष ने की सीनियर डीपीओ से मुलाकात
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रमेश मिश्रा ने शुक्रवार को वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह से मुलाकात की। इस दौरान रेल कर्मचारियों की कई समस्याओं से अवगत कराया। सीनियर डीपीओ ने किसी के साथ अन्याय न होने का भरोसा दिलाया। यहां विभागों के कर्मचारियों की पदोन्नति समेत अन्य विषयों पर चर्चा हुई। इसमें रामप्यारी शर्मा, पीडी श्रीवास्तव, संजय तिवारी, सुजीत कुमार, विकास कुमार, अरविंद कुमार, विनय आदि रहे।
शहरी क्षेत्र में टीकाकरण बढ़ाना होगा
बच्चों के टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने को लेकर शुक्रवार को जिला अस्पताल में हुई कार्यशाला में शहरी क्षेत्र में टीकाकरण को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। साथ ही निगरानी बढ़ाने का संकल्प भी लिया। राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण बढ़ाने के लिए सभी सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं को काम करना होगा।
जेएसआई भी इसमें तकनीकी सहयोग कर रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके मौर्या ने बताया कि पिछले तीन महीने में जिले में 96555 बच्चों को टीका लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने नियमित टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाई है। कार्यशाला में डाॅ. आशीष मौर्या, डॉ. रीतेश, डॉ. रवि, डॉ. राहुल शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।