BHU: अगले सत्र में सितंबर 2026 तक पूरे हो जाएंगे यूजी-पीजी के दाखिले, प्रवेश का प्रस्ताव तैयार; जानें खास
Varanasi News: अप्रैल से जून तक दाखिले के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों को ऑफर दिए जाएंगे। जुलाई से सितंबर तक अभ्यर्थियों को फीस जमा करने का मौका मिलेगा। इसके बाद प्रवेश की प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी।
विस्तार
बीएचयू में अगले सत्र यानी 2026 में यूजी और पीजी प्रवेश की पूरी प्रक्रिया सितंबर के पहले ही पूरी करा ली जाएगी। सत्र 2026 के लिए यूजी और पीजी दाखिले की प्रक्रिया जनवरी-मार्च में शुरू होगी और पंजीकरण की प्रक्रिया मार्च के अंतिम सप्ताह तक चलेगी। ताकि अगली बार कक्षाएं और सत्र देर से न शुरू हो।
बीएचयू की सेंट्रल एडमिशन कमेटी की ओर से विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रवेश प्रक्रिया को पूरा करने का नया प्रस्ताव दिया गया है। इसे हालिया एकेडमिक काउंसिल की बैठक में भी रखा गया था। दरअसल इस बार अक्तूबर और नवंबर तक दाखिले की प्रकिया चली थी जिसके चलते नए सत्र की कक्षाएं काफी देर से शुरू हुईं। अगली बार ऐसी स्थिति न बने इसके लिए प्रवेश की प्रक्रिया को सितंबर में पूरा कर लिया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय एडमिशन के लिए जून में खुला पोर्टल
सत्र 2025-26 में समर्थ पोर्टल पर 3254 आवेदकों ने फॉर्म भरे थे। इसमें से 711 विदेशी छात्र-छात्राओं को दाखिले के लिए चयनित किया गया। एडमिशन कमेटी ने माना है कि इस साल जून में काफी देर से एडमिशन पोर्टल खोला गया था जो कि अंतरराष्ट्रीय दाखिले के लिहाज से काफी विलंब है। हालांकि, बीएचयू ने सामान्य पीजी दाखिले में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया इस साल 23 मई से शुरू की थी।
यूजी-पीजी से पहले डिप्लोमा और पीएचडी प्रवेश
बीएचयू में नए सत्र के यूजी और पीजी एडमिशन से पहले पीएचडी और डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया पूरी करानी होगी। इन दोनों में करीब 2000-2000 सीटों पर प्रवेश कराया जाएगा। पीएचडी दाखिले की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू की जा सकती है। इसका बुलेटिन जारी होने वाला है। वहीं डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गईं हैं।