बीएचयू मामला : एक छात्र सहित पांच पर FIR, रूइया से बिरला हॉस्टल जाने वाले रास्ते पर पीएसी तैनात; अलर्ट
Varanasi News: एक सप्ताह पहले बिरला-रूईया बवाल में रोशन समेत सात छात्र नामजद थे। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। बीते मंगलवार की कार्रवाई के बाद कई छात्र लंका थाने भी पहुंचे और देर रात तक डटे रहे। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के खिलाफ मौन प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विस्तार
Varanasi Crime: बीएचयू कैंपस में छात्रों के बीच मारपीट के बाद माहौल तनावपूर्ण बना है। रूइया हॉस्टल से बिरला हॉस्टल जाने वाले रास्ते पर पीएसी तैनात रही। इसके अलावा बीएचयू प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम भी हॉस्टल के बाहर बैठी नजर आई। इस बीच, राजाराम हाॅस्टल के छात्र अमित कुमार की तहरीर पर छात्र आर्दश कुमार सहित प्रभाशंकर पटेल, आकाश कश्यप, प्रेम और प्रत्यूश कुमार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अमित को देर रात हाॅस्पिटल में भर्ती किया गया।
वहीं, अमित ने राजाराम हॉस्टल के वार्डेन पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई करने की शिकायत सामाजिक विज्ञान संकाय प्रमुख से की है। इसकी कॉपी प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ ही कुलपति, चीफ प्रॉक्टर, पुलिस कमिश्नर आदि को भी दी है।
मामले की जांच की मांग
विश्वविद्यालय में पहले रूइया और बिरला हॉस्टल के छात्रों के बीच मारपीट हुई। इसके बाद दो दिन पहले राजाराम हॉस्टल में मारपीट हुई। एक के बाद एक हॉस्टल में मारपीट की घटनाओं के बाद माहौल गरमा गया है। बृहस्पतिवार को रूइया हॉस्टल के बाहर एलडी गेस्ट हाउस चौराहे से लेकर बिरला हॉस्टल जाने वाले रास्ते पर पीएसी तैनात रही।
इन दिनों कैंपस में छात्रों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। राजाराम हॉस्टल में रहने वाले छात्रों में अमित कुमार, अभय चतुर्वेदी आदि ने जो पत्र अधिकारियों को दिया है, उसमें वार्डन पर हॉस्टल के अंदर हुई घटना का वीडियो वायरल करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
इधर, इस बारे में चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया का कहना है कि छात्रों के मारपीट सहित अन्य जो भी मामले हैं, उस पर संबंधित संकाय के प्रमुख से जांच कराकर रिपोर्ट देने को कहा गया है। इसके बाद नियमानुसार रिपोर्ट को विश्वविद्यालय की स्टैंडिंग कमेटी को भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कैंपस का माहौल शांतिपूर्ण है।