दिवाली पर डॉक्टरों की सलाह: पटाखों के बारूद से फट सकती है आंखों की लेंस, कार्निया में घाव से परेशानी
प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि दिवाली पर पटाखा जलाते समय सतर्कता बरतें। पटाखों के बारूद से आंखों की लेंस फट सकती है। उनका कहना है कि हर साल बीएचयू में दिवाली के बाद एक सप्ताह तक पटाखा जलाने से आंखों में जलन, चोट लगने की समस्या लेकर बड़ी संख्या में लोग आते हैं।
विस्तार
दिवाली पर पटाखा जलाने के दौरान उससे निकलने वाले बारूद से आंखों को नुकसान हो सकता है। इससे लेंस फटने का खतरा रहता है, वहीं कार्निया में घाव हो जाता है। ऐसे में आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के अध्यक्ष प्रो. आरपी मौर्य ने पटाखे न जलाने की सलाह दी।
प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि हर साल बीएचयू में दिवाली के बाद एक सप्ताह तक पटाखा जलाने से आंखों में जलन, चोट लगने की समस्या लेकर बड़ी संख्या में लोग आते हैं। पिछले साल भी चोटिल मरीजों में अधिकांश की उम्र 21 साल से कम रही। दिवाली पर तेज आवाज वाले पटाखों के न जलाने की सलाह दी जाती है। इसके बाद भी हर साल खूब आतिशबाजी होती है।
प्रो. आरपी मौर्य का कहना है कि थोड़ी-सी असावधानी आंखों के लिए गंभीर समस्या बन सकती है। पटाखा-बम के तेज धमाके से आंखों के अंदर रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हो सकता है। आंख के लेंस व नेत्रगोलक फट सकते हैं। साथ ही आंख का पर्दा (रेटिना) अपनी जगह से उखड़ सकता है।
2024 में दिवाली के समय एक पखवाड़े के अंदर नेत्र संस्थान में कुल 36 लोग पटाखों से चोटिल होकर इलाज के लिए आए। इसमें भी 64 फीसदी शहरी जबकि 36 फीसदी ग्रामीण रहे। कुल मरीजों में 21 साल से कम उम्र के मरीज 69 फीसदी रहे।
यह लोग खतरनाक पटाखों, जैसे रॉकेट-बम, सुतली-बम व अनार-बम आदि से चोटिल हुए थे। 7 फीसदी लोगों की एक आंख की रोशनी चली गई थी। 2025 में 68 लोग में 54 फीसदी शहरी, 46 ग्रामीण क्षेत्र से थे।