BHU: बीएचयू की 20 हजार डिग्रियों में एंटी कॉपी फीचर, नहीं दिखेगा हस्ताक्षर, यूवी इंक से बनेगा लोगो
बीएचयू में विद्यार्थियों को दी जाने वाली डिग्री पर एक छिपा हुआ डिजिटल हस्ताक्षर और यूवी थ्रेड भी होगा। डिग्री पर पराबैंगनी स्याही (यूवी इंक) से बना बीएचयू का लोगो भी होगा।
विस्तार
बीएचयू में पिछले सत्र उत्तीर्ण हुए 20 हजार छात्र-छात्राओं को उपाधियां दी जाएंगी। इनमें यूजी, पीजी, पीएचडी आदि सभी डिग्रियां शामिल हैं। खास बात ये है कि फर्जी डिग्री की समस्या पर नकेल कसने के लिए इन डिग्रियों की चार स्तरीय सुरक्षा होगी। इसमें एंटी फोटोकॉपी फीचर होगा, जिससे इनकी हूबहू नकल नहीं की जा सकती। डिग्री का जीरॉक्स कराने पर कागज पर खुद ही फोटोकॉपी लिखा आ जाएगा, जबकि ओरिजनल पर ऐसा कुछ भी नहीं लिखा दिखेगा।
डिग्री पर एक छिपा हुआ डिजिटल हस्ताक्षर और यूवी थ्रेड भी होगा। डिग्री पर पराबैंगनी स्याही (यूवी इंक) से बना बीएचयू का लोगो भी होगा। बीएचयू के परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से इसके प्रकाशन की तैयारियां पूरी कराईं जा रही हैं। ए-4 साइज की डिग्री का कागज हल्के क्रीम कलर का होगा।
इस पर बीएचयू के लोगो का वाटरमार्क होगा। निचले पैनल पर विवि का रंगीन लोगो बना होगा। इस पर डिपे हुए हस्ताक्षर को देखने के लिए खास तरह की लेजर लाइट का इस्तेमाल करना होगा। हालांकि, इसे किस लेजर लाइट से देखा जा सकता है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
इसे भी पढ़ें; Pankaj Tripathi: अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने मां की अस्थियों को गंगा में किया विसर्जित, दान-पुण्य कर की प्रार्थना
135 से ज्यादा विभाग के टॉपर्स को मिलेंगे 475 से ज्यादा मेडल
बीएचयू का 105वां दीक्षांत समारोह 12 दिसंबर को स्वतंत्रता भवन में आयोजित है। इसमें 475 मेधावियों को विभाग में टॉप करने पर उनके संकायों की ओर से गोल्ड मेडल दिया जाएगा। इसमें महिला महाविद्यालय, वसंता कॉलेज राजघाट, वसंत कन्या कमच्छा, आर्य महिला डिग्री कॉलेज और डीएवी के भी छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। वहीं, विश्वविद्यालय स्तर पर करीब 35 मेधावियों को मंच से मेडल और उपाधि दी जाएगी।
छह नवंबर को एकेडमिक काउंसिल में भी फैसला
बीएचयू की ओर से दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। छह नवंबर को एकेडमिक काउंसिल की बैठक में दीक्षांत समारोह के कई फैसलों पर मुहर लग सकती है। इसमें दीक्षांत मुख्य अतिथि से लेकर मेडल की संख्या पर भी विचार हो सकता है। स्वतंत्रता भवन के साथ ही बीएचयू के 10 से ज्यादा स्थानों पर दीक्षांत समारोह की डिग्रियां वितरित की जाएंगी।