वाराणसी में अराजकतत्वों ने तोड़ी आंबेडकर प्रतिमा, सड़क पर उतरे आक्रोशित ग्रामीण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। जिसके बाद से क्षेत्र में काफी तनाव है और लोग सड़कों पर उतर आए। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के औरा बाजार में भीम राव आंबेडकर की एक प्रतिमा स्थापित है। बुधवार की देर रात अराजकतत्वों ने भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को टूटा हुआ देखा तो क्षेत्र के लोगों में गुस्सा व्याप्त हो गया। लोग सड़कों पर उतर आए और सड़क जाम कर नारेबाजी करने लगे।
इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। साथ ही उच्चधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई। मौके पर तहसीलदार सदर रविशंकर, नायब तहसीलदार वंदना मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।
ग्रामीणों ने बताया कि 2004 में भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को यहां पर स्थापित कराया गया था। इसके बाद बीती रात किसी अराजकतत्व ने भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ दिया। लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
तुरंत लगवाई गई नई प्रतिमा
इसके बाद तहसीलदार सदर रविशंकर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि नई प्रतिमा तुरंत स्थापित करा रहे है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव की प्रधान विद्योत्मा देवी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दे दी है। तहसीलदार सदर के निर्देश पर तुरंत भीम राव आंबेडकर की नई प्रतिमा लगवाई गई। तब जा कर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।