बनारस बनेगा जाम मुक्त: PMO की टीम के निर्देश के बाद पुलिस के साथ नगर निगम और कई विभाग बनाएंगे संयुक्त प्लान
पीएम गति शक्ति योजना के तहत जल परिवहन के दो दिवसीय समिट के बाद पीएमओ की टीम ने वाहनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया है। इसमें वाराणसी शहर को जाम मुक्त करने के लिए होने वाले उपायों पर एक रिपोर्ट मांगी गई है।
विस्तार
पूर्वी भारत के गेटवे के रूप में विकसित हो रहे बनारस को जाम मुक्त करने के लिए अब व्यापक योजना बनाई जाएगी। कमिश्नरेट पुलिस 15 दिन में जाम से निजात के लिए अपनी कार्ययोजना बनाकर प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजेगी और वहां से संस्तुति होने के बाद इस पर काम शुरू करेगी। इसमें सेतु निगम, लोक निर्माण, नगर निगम, विकास प्राधिकरण सहित अन्य विभाग भी अपने सुझावों को शामिल कराएंगे। इसके अलावा शहर में चौड़ी होने वाली सड़कों में एलिवेटेड रोड की संभावना भी तलाशी जाएगी।
प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत जल परिवहन के दो दिवसीय समिट के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की टीम ने सड़क पर वाहनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया है। इसमें शहर को जाम मुक्त करने के लिए होने वाले उपायों पर एक रिपोर्ट मांगी गई है।
कमिश्नरेट पुलिस तैयार करेगी रिपोर्ट
इसमें भविष्य में नई सड़कों का निर्माण, सड़कों के चौड़ीकरण की संभावना, वन वे किए जाने वाले रास्तों पर अध्ययन के साथ अमल का प्लान, विभिन्न सड़कों के लिए यातायात के लिए समयसारिणी, फ्लाईओवर का निर्माण और वैकल्पिक मार्गों आदि पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह रिपोर्ट कमिश्नरेट पुलिस तैयार कर 15 दिन में पीएमओ को देगी और इसके बाद उसी अनुरूप शहर के भविष्य की परियोजनाओं को तैयार किया जाएगा।
पांचों नई सड़क में होगा एलिवेटेड रोड का नया प्रयोग
वाराणसी शहर में चौड़ीकरण के लिए तैयार पांचों पर सड़क पर एलिवेटेड रोड का नया प्रयोग होगा। इसमें मोहन सराय से बौलिया, लहरतारा से रविंद्रपुरी, चांदपुर से अकेलवा, संदहा से कचहरी, पांडेयपुर से रिंग रोड तक बनने वाली सड़कों पर जाम वाली जगहों पर छोटे फ्लाईओवर आदि के लिए सर्वे कराया जाएगा। इन सड़कों को इस तरह तैयार किया जाएगा, जहां बिना ब्रेक यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।