Varanasi: धार्मिक के साथ ही इको टूरिज्म का हब बनेगा बनारस, राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कई मुद्दों पर की चर्चा
केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। टूरिज्म स्टेकहोल्डर के साथ लंबी चर्चा की। बैठक में जिलाधिकारी एस राजलिंगम भी मौजूद रहे।
विस्तार
पर्यटन के क्षेत्र में वाराणसी के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट की अध्यक्षता में शुक्रवार को टूरिज्म स्टेकहोल्डर के साथ लंबी चर्चा हुई। राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि धर्मनगरी काशी को इको टूरिज्म का हब बनाया जा रहा है। उन्होंने होटल एवं ट्रेवेल्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से पर्यटन के क्षेत्र में और अच्छा काम करने के लिए सुझाव मांगे। संगठन के प्रतिनिधियों ने सैलानियों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
ट्रेवेल्स एसोसिएशन के उपेंद्र गुप्त ने शहर के तालाबों व कुंडों के सुंदरीकरण की मांग रखी। साथ ही कहा कि भारत माता मंदिर में शौचालय नहीं है। चौराहों पर भीख मांगने वालों की भीड़ ज्यादा है, इसे रोकने की जरूरत है। इस पर जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
पर्यटन मंत्री ने भी भिक्षावृत्ति के मुद्दे पर गंभीरता से काम करने की सलाह दी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जाम को शहर की सबसे बड़ी समस्या बताई और उचित समाधान की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि यातायात को लेकर एलिवेटेड हाईवे के साथ कई फ्लाईओवर के निर्माण पर मंथन चल रहा है। इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूर्ण हो जाने पर जाम का मुद्दा खत्म हो जाएगा।
यातायात सुगम हो जाएगा। इस बीच पदाधिकारियों ने रोजाना तड़के 4 बजे से 6 बजे तक की जगह आठ बजे तक टूरिस्ट बसों को गंगा घाटों तक जाने के लिए परमिट दिए जाने की मांग भी की। इस पर पर्यटन मंत्री अजय भट्ट ने जिलाधिकारी और डीसीपी ट्रैफिक को ट्रेवेल्स एसोसिएशन के साथ बैठक करके सहमति बनाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठकें होनी चाहिए। इससे पहले वाराणसी में कराए गए पर्यटन विकास के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी गई। इस दौरान डीसीपी यातायात प्रबल प्रताप सिंह, 39जीटीसी लेफ्टिनेंट कर्र्नल थापा, पूर्व मेयर राम गोपाल मोहले, भारत पर्यटन वाराणसी के टीआईओ अनिल कुमार मौजूद रहे।
गंगा में डीजल नावों का संचालन प्रतिबंधित करें
रक्षा के क्षेत्र में भारत ने पेश की है मिसाल
पर्यटन मंत्री अजय भट्ट ने सबको मिलकर पर्यटन विकास पर काम करने की सलाह दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र के नेतृत्व क्षमता की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने रक्षा क्षेत्र में पूरी दुनिया के सामने मिसाल पेश की है। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद के डिफेंस एक्सपो में स्वयं निर्मित रक्षा उत्पादों की प्रदर्शनी लगी।
इसे देखकर कई देशों ने उत्पादों को खरीदने की पेशकश भी की। उन्होंने पर्यटन और रक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति के बारे में सबको अवगत कराया। पर्यटन मंत्री ने होटल एसोसिएशन एवं ट्रेवेल्स एजेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को संसद भवन देखने का भी आमंत्रण दिया।