Ballia News: सुखपुरा थाने से फरार 25 हजार के इनामी के मामले में तीन पुलिसकर्मी निलंबित, जांच के बाद एक्शन
UP News: जिले के सुखपुरा थाने से 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश प्रिंस यादव फरार होने के मामले में ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर मुंशी वीरेंद्र कुमार और पीआरवी के दो जवान भरत चौरसिया व सुनील यादव को निलंबित कर दिया गया। प्रिंस सदर कोतवाली समेत कई थानों में मारपीट, जानलेवा हमला सहित कई मामलों में वांछित है।
विस्तार
UP News: बलिया के सुखपुरा थाने से 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश प्रिंस यादव के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर थाने के मुंशी वीरेंद्र कुमार और पीआरवी पर तैनात भरत चौरसिया तथा सुनील यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सीओ सिटी सतीश शर्मा की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।
घटना शुक्रवार रात की है। करनई गांव में शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। सूचना पर पहुंची डायल-112 पीआरवी टीम उसे हिरासत में लेकर सुखपुरा थाने पहुंची और स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। उसी समय क्षेत्र में मुहर्रम के जुलूस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में अधिकांश पुलिसकर्मी व्यस्त थे।
इसी बीच युवक थाना परिसर के पीछे के रास्ते से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कुछ देर बाद उसकी पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान निवासी प्रिंस यादव के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ सदर कोतवाली सहित जिले के विभिन्न थानों में मारपीट, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह सदर कोतवाली पुलिस द्वारा घोषित 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी भी है और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गोपनीय रखते हुए पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन घटना के 48 घंटे बाद भी प्रिंस यादव पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं और उससे जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ड्यूटी में गंभीर लापरवाही सामने आने पर संबंधित मुंशी और दो पीआरवी जवानों को निलंबित कर दिया गया है। फरार इनामी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और जल्द ही उसे पकड़ लेने का दावा कर रही है।