सरकार तक मांग पहुंचाने के लिए साइकिल से देश भ्रमण पर निकला बलिया का किसान
सरकार तक अपनी 17 मांगों को पहुंचाने के लिए बलिया निवासी 50 वर्षीय किसान ने विरोध प्रदर्शन का अलग तरीका चुना है। वह अपने गृह जनपद से ‘जन मिलन’अभियान के तहत साइकिल से पूरे देश के भ्रमण पर निकला है। बलिया जिले के मनियर तहसील के हाथौज गांव निवासी विनोद कुमार अपनी साइकिल यात्रा के दौरान बृहस्पतिवार की दोपहर में मऊ जिले के रतनपुरा पहुंचा। यहां बाजार में लोगों ने माला पहनाकर किसान का स्वागत किया।
इस अनूठे अभियान की पूरे बाजार में चर्चा रही। विनोद ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए चिकित्सा, औषधि से जुड़ी पुस्तकें नि:शुल्क किए जाने, पुरानी पेंशन बहाल करने, वृद्धावस्था पेंशन 7500 रुपये करने, मनरेगा की मजदूरी कम से कम 500 रुपये प्रतिदिन, विधायक सांसद निधि समाप्त करने, ग्राम प्रधानों का वेतन सचिवों के बराबर करने और कृषि उद्योग वस्तुओं का मूल्य सुनिश्चित सहित 17 जनहित की मांगों को लेकर वह साइकिल यात्रा पर निकले हैं।
दिसंबर तक साइकिल से देश के सभी राज्यों तक पहुंचने का लक्ष्य
विनोद का कहना है कि इन मांगों को लेकर राष्ट्रपति को पत्र भेजा गया था लेकिन कोई समाधान न होते देखकर उसने साइकिल से देश भ्रमण की ठानी। उसने अपनी 17 मांगों को लेकर ‘जन मिलन’अभियान के तहत बीते 27 जनवरी को मां कपिलेश्वरी भवानी मंदिर कपूरी फेफना से साइकिल यात्रा शुरू की। यात्रा से बलिया के फेफना, बैरिया, सिंकदरपुर, बेल्थरारोड, रसड़ा होते हुए मऊ के रतनपुरा पहुंची। कहा कि जनहित के लिए दिसंबर 2021 तक वह साइकिल से देश के सभी राज्यों समेत बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचकर अपने अभियान का समापन करेगा। इससे पहले रतनपुरा बाजार में एक घंटे तक रुकने के बाद वह ब्लाक के ढैंचा गांव के लिए रवाना हो गया। यहां कुछ देर रुकने के बाद बहादुरगंज होते हुए वो गाजीपुर जिले में प्रवेश कर गया। इस दौरान विनोद कुमार का स्वागत रमाशंकर यादव, जितेंद्र कुमार, हीराराम, मुनेश्वर, रेवती रमण आदि ने किया।