बलिया: पंखे में उतरा करंट, खेलते-खेलते चली गई नौ साल की परिधि की जान; बेटी की लाश गोद में लेकर बिलख पड़ा पिता
जिले के दुर्जनपुर पुरानी बस्ती में रविवार सुबह घर में खेल रही नौ वर्षीय परिधि की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पंखे में उतरे करंट के संपर्क में आते ही वह अचेत होकर गिर पड़ी। परिजन उसे सोनबरसा पीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
विस्तार
रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर पुरानी बस्ती में रविवार सुबह घर में लगे बिजली के पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में सोनबरसा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
दुर्जनपुर पुरानी बस्ती निवासी संदेश गोंउ बड़क की नौ वर्षीय बेटी परिधि रविवार सुबह घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान वह घर में चल रहे बिजली के पंखे के संपर्क में आ गई। पंखे में करंट उतरने के कारण बच्ची उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलसकर अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। अचानक हुए हादसे से घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजन आनन-फानन में बच्ची को लेकर सोनबरसा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्ची की खिलखिलाहट गूंज रही थी, वहां अचानक मातम पसर गया। हादसे के बाद परिजनों की आंखों के सामने बच्ची के साथ हुई घटना का दृश्य बार-बार घूमता रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे। मासूम की मौत से गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने परिवार को ढांढस बंधाया। रेवती थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।