टेक्नोवार्ता: बाबा के एआई नंदी ने 10 भाषाओं में सात करोड़ भक्तों से की बात, तीन लाख लोगों ने किए सवाल; आह्वान
Varanasi News: इस चैटबॉट का उद्देश्य भक्तों और मंदिर प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना है। विशेष रूप से त्योहारों और भीड़ के समय यह तकनीक भक्तों को सही और समय पर जानकारी देकर उनकी यात्रा को और ज्यादा सुविधाजनक बनाएगी।
विस्तार
मंदिर प्रशासन की ओर से आस्क नंदी नाम के एआई चैटबॉट का सफल परीक्षण किया गया है। मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर एक साल में सात करोड़ लोगों ने सवाल पूछे हैं और हर दिन ढाई से तीन लाख लोगों ने सवाल किए और उसका समाधान भी लिया है। चैट बॉट पर मिले 10 विकल्पों के माध्यम से मंदिर की पूजा पद्धतियों और दर्शन-पूजन के समय को जाना।
मंदिर के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि न्यास ने एआई चैटबॉट लॉन्च किया है। इस तकनीक के माध्यम से बाबा के भक्त अब दुनिया के किसी भी कोने से मंदिर से जुड़ी जानकारी और सेवाओं के बारे में जान सकते हैं।
श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख सुविधाएं
यह चैटबॉट मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। सुगम दर्शन और आरती बुकिंग की सुविधा दे रहा है। श्रद्धालु अब सीधे चैटबॉट के माध्यम से सुगम दर्शन, मंगला आरती और अन्य विशेष आरतियों की बुकिंग प्रक्रिया की जानकारी ले सकते हैं। प्रसाद सेवा के तहत घर बैठे बाबा का प्रसाद मंगवाने के लिए यह चैटबॉट तेजी से प्रतिक्रिया देता है। मंदिर खुलने, बंद होने और कई अनुष्ठानों के समय की सटीक जानकारी 24/7 उपलब्ध है। इसके साथ ही अतिथि गृह आरक्षण, काशी आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए न्यास के अतिथि गृहों की उपलब्धता और बुकिंग में सहायता कर रहा है।
आस्क नंदी का विकल्प
- मंदिर के बारे में
- मंदिर का समय
- मंदिर सेवाएं
- दान करें
- मंदिर की सुविधाएं
- सहायता केंद्र
- कैसे पहुंचे?
- विदेशी/ओसीआई भक्त
- प्रसाद और स्मारिका
- प्रश्न पूछें/प्रतिक्रिया
ऐसे करें उपयोग
श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए न्यास की आधिकारिक वेबसाइट skvt.org पर जा सकते हैं। वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए चैट आइकन पर क्लिक करके बाबा की सेवाओं से जुड़ी किसी भी जिज्ञासा का समाधान तुरंत प्राप्त किया जा सकता है।