होटलों में देह व्यापार के लिए युवतियां मुहैया कराने वाला गिरफ्तार
वाराणसी शहर के होटलों में देह व्यापार के लिए देश-विदेश की युवतियों को बुलाने वाले आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को पहड़िया चौराहा के समीप से गिरफ्तार किया। आरोपी की शिनाख्त जौनपुर जिले के मछलीशहर थाना के मतरी गांव निवासी अनुराग मिश्रा के तौर पर हुई है। अनुराग को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पहड़िया क्षेत्र की संजय नगर कॉलोनी में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने बीती नौ फरवरी की रात छापा मारा था। पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए एक युवती तीन मंजिला मकान की छत से छलांग लगा दी थी और उसकी मौत हो गई थी। प्रकरण को लेकर पुलिस ने चार पुरुषों और चार युवतियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि जिन वेबसाइट और मोबाइल नंबरों के सहारे देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जाता था, उन्हीं की मदद से अनुराग को चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया है। अनुराग मुंबई निवासी सरगना के इशारे पर देश के अलग-अलग हिस्सों और कजाकिस्तान, नेपाल आदि देशों की युवतियों को बुलाकर शहर के होटलों में देह व्यापार के लिए मुहैया कराता था। जल्द ही मुंबई निवासी सरगना को भी गिरफ्तार किया जाएगा।