Varanasi News: सप्ताह में तीन दिन बनारस से चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, पीएम करेंगे उद्घाटन; जानें खास
Varanasi News: अमृत भारत एक्सप्रेस का वर्चुअल शुभारंभ पीएम मोदी 18 जनवरी को संतरागाछी स्टेशन से करेंगे। इसकी तैयारियां की जा रही हैं। बनारस से सियालदाह वालों के लिए इस ट्रेन में काफी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
विस्तार
बनारस से सियालदाह तक जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन वसंत पंचमी के दिन, यानी 23 जनवरी से होगा। बनारस से यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को चलेगी। इसके अलावा वापसी में शनिवार, बुधवार और सोमवार को संतरागाछी स्टेशन से चलकर बनारस पहुंचेगी। अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 18 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संतरागाछी स्टेशन से ऑनलाइन करेंगे।
उद्घाटन वाले दिन यह ट्रेन 03141 संतरागाछी–बनारस उद्घाटन विशेष अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलेगी। इसके बाद 22588/22587 बनारस–सियालदह–बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन बनारस से 23 जनवरी से होगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यह गैर-वातानुकूलित श्रेणी की प्रीमियम ट्रेन है।
पीएम करेंगे उद्घाटन
उद्घाटन वाले दिन, 18 जनवरी को, संतरागाछी स्टेशन से दोपहर 2.45 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, जसीडीह, पटना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर होते हुए अगले दिन बनारस स्टेशन पर सुबह 3.15 बजे पहुंचेगी।
सामान्य दिनों में यह ट्रेन बनारस से रात 10.10 बजे प्रस्थान करेगी और दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना, जसीडीह, मधुपुर, आसानसोल, दुर्गापुर होते हुए सुबह 9.55 बजे सियालदाह पहुंचेगी। वापसी में सियालदाह से शाम 7.30 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 7.20 बजे बनारस पहुंचेगी। इसमें शयनयान श्रेणी के 8 कोच और सामान्य द्वितीय श्रेणी के 8 कोच सहित कुल 18 कोच होंगे।