काशी में ऑल इंडिया कराते चैंपियनशिप: 49 स्वर्ण सहित 122 पदकों से साथ यूपी बना मामा चैंपियन, बंगाल उपविजेता
अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से मानव अकादमी आफ मार्शल आर्ट्स (मामा) की ओर से शनिवार को सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों का मुकाबला हुआ। उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्वमंत्री नीलकंठ तिवारी और एसीपी संतोष कुमार सिंह ने किया।
विस्तार
बीएचयू के एंफीथिएटर इंडोर स्टेडियम में आयोजित ऑल इंडिया ओपन कराटे चैंपियनशिप के दूसरे दिन यूपी टीम कुल 49 स्वर्ण पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनी। 23 स्वर्ण पदक जीतकर बंगाल उपविजेता रहा। 10 स्वर्ण पदक के साथ आंध्र प्रदेश तीसरे स्थान रहा। राजस्थान और मध्यप्रदेश की टीम ने नौ-नौ स्वर्ण पदक जीतकर चौथे स्थान पर रही।
इनके अलावा सब जूनियर व्यक्तिगत मुकाबले में यूनिक अकादमी प्रथम और सनबीम सारनाथ ने दूसरा स्थान हासिल किया। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मंत्री रविंद्र जायसवाल ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से मानव अकादमी आफ मार्शल आर्ट्स (मामा) की ओर से शनिवार को सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों का मुकाबला हुआ।
उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्वमंत्री नीलकंठ तिवारी और एसीपी संतोष कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूर्वमंत्री ने कहा कि खेल कोई भी हो, हमें स्वस्थ रखने के साथ ही अनुशासन सिखाता है। समापन समारोह के दौरान विशिष्ठ अतिथि मनीषा रानी सिंह, नीलम तिवारी, प्रतिमा यादव और बीएचयू वाणिज्य संकाय के डीन प्रो. जीसी आर मौजूद थे।
मार्शल आर्ट्स में पारंगत बेटियां आज की दुर्गा: राज्यमंत्री
जिनकी बेटियां मार्शल आर्ट्स में पारंगत हैं उनके मां-बाप को परेशान होने की जरूरत नहीं। कराते एक ऐसा आत्मरक्षा का खेल है जिससे बेटियां हर परिस्थिति में अपनी सुरक्षा कर सकती हैं। बेटे अगर हनुमान हैं तो बेटियां आज दुर्गा। ये बातें शनिवार को राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने सातवें मामा ऑल इंडिया कराते चैंपियनशिप के समापन पर कहीं।
अकादमी की पांच बेटियों को बीपीएड की शिक्षा निशुल्क
खेल समापन के अवसर पर मंत्री रविंद्र जायसवाल ने प्रतियोगिता में बेटियों की भागीदारी अधिक होने पर खुशी जाहिर करते हुए एकेडमी की पांच बेटियों को धीरेंद्र सिंह महिला महाविद्यालय से बीपीएड की शिक्षा निशुल्क कराने की घोषणा की।
सामर्थ्य मैगजीन का लोकार्पण
इस अवसर मानव अकादमी की ओर से सामर्थ्य मैगजीन का लोकार्पण किया गया। आयोजन सचिव व मानव अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक सेंसई किसलय मानव ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन सीनियर टीम के 92 मुकाबले हुए।
रेफरी काउंसिल के चेयरमैन सेंसई अश्वनी यादव (एशियन जज), अध्यक्ष सेंसई छत्रपाल नामदेव, कोऑर्डिनेटर शशिशेखर शर्मा, शोभनाथ पटेल, के. श्रीनिवास, अजय सिंह जावा, सुनील सिंह, प्रवीण सिंह, विजय पर्चा, शरद कांबली, दिलीप सैनी, कुंजन मौर्या, महेश गुप्ता, मंगल सिंह, सुरजीत सिंह पाल, अनीता सिंह आदि की निगरानी में सभी मुकाबले हुए।