संत रविदास मंदिर पहुंचे अखिलेश यादव, प्रेस वार्ता में बोले- मां गंगा को धोखा देने वाले जनता को दे रहे धोखा
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो मां गंगा को धोखा दे सकते हैं, वह अर्थव्यवस्था के नाम पर आम जनता को धोखा दे रहे हैं।
शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा का भाषण सुन लेंगे तो पता चल जाएगा अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किसने किया है। उन्होंने कहा कि कम्युनल होना आसान है लेकिन लोकतांत्रिक होना कठिन। अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में सपा की सरकार बनी तो प्रदेश की हर एक महिला के खाते में 1000 रुपये दिए जाएंगे। इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की ईस्ट इंडिया कंपनी से तुलना की।
ईस्ट इंडिया कंपनी के समय एक कानून से सरकार बन गई थी। आज सरकार कंपनी बनने के रास्ते पर है। सपा की योजनाओं की चोरी कर नाम बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूपी बजट में एक बार भी 5 ट्रिलियन की बात नहीं की गई। नोटबंदी से चौपट हो चुकी अर्थव्यवस्था जीएसटी के लिए सरलीकरण नहीं किया गया।
किसानों के लिए अगर कानून लागू हो गया तो उनके लिए डेथ वारंट साबित होगा। भाजपा के लोग बताएं आज जो चीज खराब है वह बाद में अच्छी कैसे हो सकती हैं। विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का प्रस्ताव सपा सरकार ने बनाया था। वरुणा कॉरिडोर का सपना सपा सरकार का था। पूर्वांचल का विकास सपा ने किया।
दिल्ली सरकार बड़ी चीजों को बेच रही है, जबकि यूपी सरकार छोटी चीजों को बेच रही है। विधानसभा चुनाव के सवाल पर कहा छोटी पार्टियों से गठबंधन संभव है। सपा चंदा नहीं देती दक्षिणा देती है। आजम खान पर लादे गए मुकदमे कागज और कानून की लड़ाई है। प्रदेश के 10000 समाजवादियों पर मुकदमे लादे गए हैं।
संत रविदास के सामने मत्था टेका
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 644वीं जयंती पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संत रविदास के मंदिर पहुंच दर्शन पूजन किया। यहां उन्होंने उनके सामने शीश नवाया। साथ ही संत निरंजन दास से आशीर्वाद लिया। वह काफी देर तक मंदिर में बैठे रहे।