सोनभद्र में प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान शिक्षिका से छेड़खानी, कनिष्ठ सहायक पर आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के ओबरा तहसील क्षेत्र के एक बालिका विद्यालय में प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान शिक्षिका के साथ कनिष्ठ सहायक द्वारा छेड़खानी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। लिखित शिकायत के आधार पर स्कूल की प्रधानाचार्य ने मामले की जांच एक कमेटी से कराई, लेकिन पीड़िता इससे संतुष्ट नहीं थी। ऐसे में जिला विद्यालय निरीक्षक जल्द कमेटी गठित कर जांच कराएंगे।
ओबरा तहसील क्षेत्र के एक बालिका विद्यालय में 19 फरवरी को प्रयोगात्मक परीक्षा थी। स्कूल की एक शिक्षिका ने प्रधानाचार्य से शिकायत की और आरोप लगाया कि विद्यालय के एक कनिष्ठ सहायक ने उसके साथ अश्लील हरकत की। इसके पहले भी वह परेशान कर चुका है। लिखित शिकायत के आधार पर प्रधानाचार्य ने मामले की जांच स्कूल स्तर पर ही एक कमेटी से कराई।
नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर प्रधानाचार्य ने बताया कि शिक्षिका की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई गई। इसकी आख्या भी जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंप दी गई। कहा कि शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि स्कूल में तैनात कनिष्ठ सहायक जो जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संबद्ध है, उसने अश्लील हरकत की है। इस मामले की जांच कराई गई और उससे लिखित माफीनामा भी लिया गया है। यह आख्या डीआईओएस को दे दी गई है।
शिक्षिका ने कनिष्ठ सहायक पर जो आरोप लगाया है उसकी जांच वहां की प्रधानाचार्य ने एक कमेटी बनाकर कराया है। हालांकि शिक्षिका इस जांच से संतुष्ट नहीं है। ऐसे में अब जिले स्तर पर एक कमेटी बनाकर मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीण कुमार मिश्रा, डीआईओएस सोनभद्र।