वाराणसी में हादसा: ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं से भरी बस, चालक समेत 22 घायल; मथुरा-वृंदावन से लौट रहे थे सभी
जिले के मेहंदीगंज गांव के पास आज भोर श्रद्धालुओं से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में चालक समेत 22 लोग घायल हो गए। सभी पश्चिम बंगाल के निवासी हैं और मथुरा-वृंदावन दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और क्रेन से बस हटवाकर यातायात बहाल कराया।
विस्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव के समीप नेशनल हाईवे पर शुक्रवार भोर श्रद्धालुओं से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत 22 श्रद्धालु घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णागंज थाना क्षेत्र के मजदिया गांव के करीब 60 श्रद्धालु 28 अक्तूबर को बस संख्या डब्ल्यूबी-51-ए-4436 से मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद सभी बस से अपने घर लौट रहे थे। शुक्रवार भोर बस मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव के पास पहुंची। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू किया बचाव कार्य
हादसे में श्यामोली सिंगोराय (60), लीना देन (54), शुक्ला विस्वा (55), पूर्णिमा सिगदार (55), शपन दास (35), शेफाली दास (59), दुर्गा कर (62), माला सददर (39), झूमा रानी (51), गौरी शंकर सरकार (32), शुकेश बिस्वास (67), गौरी शंकर सरकार (72), लोक्खी गोस (52), नमिता बाला (55), छोटून मौलिक (52), गुरु दासी सरकार (57), बिशाखा दास (53), वनिता बोड्डो (54), लक्ष्मी बोस (56) और राखी सिंघा राय (44) समेत 22 लोग घायल हो गए। इनमें बस चालक भी शामिल है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही खजूरी चौकी प्रभारी जगदंबा सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर क्षतिग्रस्त बस के कारण यातायात प्रभावित हो गया था। क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद आवागमन बहाल कराया गया।