रोजगार मेला: 40 कंपनियों ने 646 युवाओं को दिया जॉब ऑफर, 7689 हुए शामिल; ऐसे दिया इंटरव्यू
सात हजार युवाओं ने शैक्षिक योग्यता और हुनर के अनुसार इंटरव्यू दिया। 646 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर दिया गया। 7689 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
विस्तार
Rojgar Mela 2025: चांदपुर के खंडेश्वरी बाबा इंटर कॉलेज में वृहद रोजगार मेले का आयोजन हुआ। रोजगार मेले में पूर्वांचल के प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, मऊ सहित 12 जनपदों के युवाओं ने भाग लिया। युवाओं ने 40 निजी कंपनियों में आवेदन किया।
मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि 8000 से 40000 रुपये तक की नौकरी का ऑफर दिया गया।उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया। कहा कि श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन करावावे बदे आप लोगन एक कदम चलबा त हम एक हजार कदम चले के तैयार बानी।
योगी-मोदी देश के गरीब मजदूर के जीवन के खुशहाल बनावे बदे कवन कवन योजना लिआयल हवै, ई जानें बदे पहली बार हम गांव में एह तरह कार्यक्रम कई ली है। 5600 श्रमिक जो कम पढ़े लिखे हैं उन्हें इजराइल में काम पर लगाया गया। जो दो लाख रुपया महीना कमा रहे हैं। आने वाले एक साल में सवा लाख लोगों को जर्मनी, जापान में महिला नर्स, भवन निर्माण, कारीगर कार्यों के लिए विदेश में रोजगार मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है।
11 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
वृहद रोजगार महाकुंभ में मंत्री अनिल राजभर ने अभय रंजन, कृष्णा यादव, गोपाल सिंह, अखिलेश कुमार, शुभम शर्मा, उत्कर्ष, अब्दुल, शैली सिंह सहित कुल 11 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया। इन्हें एक सप्ताह में जॉइन करना है। किसी को परेशानी हो तो वह सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर धर्मेंद्र कुमार सिंह, देव ब्रत यादव, सुनील कुमार द्विवेदी उपस्थित थे।
बीएससी, बीकॉम वाले युवा ज्यादा
बीए, बीएससी, बीटेक, बीईडी, आईटीआई, एलएलबी, बीएएलएलबी, एमकॉम पास युवाओं ने आवेदन किया। मऊ से आए उदय चौहान ने बताया कि यह उनका दूसरा प्रयास है। प्रयागराज से दिनेश कुमार ने तीसरी बार हिस्सा लिया। प्रयागराज से आई श्वेता पटेल (बीईडी, बीटेक) और वाराणसी से शैली (बीटेक) ने पहली बार प्रयास किया।