बाबतपुर/हरहुआ। दोबारा भाजपा से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद संसदीय क्षेत्र पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और चंदौली सांसद डा. महेंद्र नाथ पांडेय का एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा- मायावती दलितों की नहीं, दौलत की बेटी हैं। दलितों को अब समझ आ गया है कि हमारे स्वाभिमान की रक्षा भाजपा ही कर सकती है।
उन्होंने कहा- कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हार के डर से केरल से भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले से मजबूत हुई है और जनता ने पीएम मोदी को फिर से देश की चौकीदारी सौंपने का मन बनाया है। इस बार वाराणसी से उनकी सबसे बड़ी जीत होगी। उन्होंने कहा- चंदौली में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ूंगा। इसके बाद उन्होंने हरहुआ के सातो महुआ स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन किया। वहां से चांदमारी स्थित नागा बाबा मंदिर में पूजन किया। इस दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यमंत्री अनिल राजभर, सुधा सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, हंसराज विश्वकर्मा, अजय मिश्रा, श्रीनिकेतन मिश्रा, कैलाश सिंह अकेला, जयप्रकाश पांडेय, डॉ. अशोक पटेल, चंद्रशेखर पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।