नवाबगंज। अजगैन कोतवाली के अहिमाखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर बाग के पास खेत में अंतिम संस्कार कर रहे ग्रामीणों पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। इससे भगदड़ मच गई। इस घटना में 50 लोग घायल हुए। 20 लोगों को सीएचसी नवाबगंज लाया गया। एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अजगैन कोतवाली के अहिमाखेड़ा गांव निवासी सुंदर (65) की बृहस्पतिवार को बीमारी से मौत हो गई थी। परिजन ग्रामीणों के साथ गांव के बाहर खेत में शव का अंतिम संस्कार करने गए थे। वहां जामुन के पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा था। भीड़ व आवाज से भड़की मधुमक्खियों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों के हमले से करीब 50 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान जयसिंह, राजू, सुजीत, रामकुमार, सुमेर, वीरेंद्र, केशनपाल, नरेंद्र, रामजी, बद्री, कन्हैया लाल, मिलन कुमार, राधेलाल, नोमीलाल, रघुवीर प्रसाद, वासुदेव, अवधेश कुमार को सीएचसी लाया गया। डॉक्टर ने रामजी की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य का उपचार सीएचसी में चल रहा है।