उन्नाव। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत बुधवार को हाईस्कूल में पहली पाली में विज्ञान और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के छात्रों ने रसायन विज्ञान और समाजशास्त्र विषय की परीक्षा दी। दोनों पालियों में महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा होने से प्रशासन भी अलर्ट मोड पर रहा। हालांकि कहीं कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। हालांकि रसायन विज्ञान की परीक्षा में समीकरणों को हल करने में छात्रों के पसीने छूटे।
हाईस्कूल के छात्रों का सुबह पाली में विज्ञान विषय का पेपर था। संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रदीप सिंह ने नवाबगंज ब्लॉक के जीजीआईसी, श्यामलाल इंटर कॉलेज, चमरौली जीआईसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों का संचालन देखने के साथ उनकी कनेक्टिविटी भी देखी। यही नहीं कक्षों में आकर छात्रों की तलाशी भी ली। कोई नकल करते नहीं मिला। शाम की पाली में इंटरमीडिएट के छात्रों की हुई रसायन विज्ञान की परीक्षा में शहर के जीजीआईसी और डीवीडीटी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। परीक्षा में पूछे गए प्रश्न और समीकरणों को हल करने में छात्रों के पसीने छूटे। उसके बाद वह बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के निरीक्षण करने पहुंचे और उधर से लखनऊ निकल गए। जिले के सभी 122 परीक्षा केंद्रों पर सचल दल सहित स्टेटिक, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की सख्त निगरानी रही।