फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   Roads flooded due to first heavy rain of monsoon, one dead

Unnao News: मानसून की पहली तेज बारिश से सड़कें लबालब, एक की मौत

Sun, 13 Jul 2025 12:23 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, उन्नाव
संवाद न्यूज एजेंसी, उन्नाव Updated Sun, 13 Jul 2025 12:23 AM IST
विज्ञापन
Roads flooded due to first heavy rain of monsoon, one dead
उन्नाव। मानसून में शनिवार पहली बार जिले के ज्यादातर क्षेत्रों में पांच घंटे तेज बारिश हुई। जिले में 26 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई। बारिश के दौरान बिजली गिरने से बांगरमऊ क्षेत्र में पिता के साथ धान की रोपाई कर रहे किसान की मौत हो गई। सुबह चार से नौ बजे तक तेज बारिश से शहरी क्षेत्र के लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा। इस दौरान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
विज्ञापन

शनिवार को सुबह लगातार पांच घंटे तेज बारिश होने से शहर में मुख्य मार्ग व गलियां जलमग्न रहीं। मोहल्ला शिवनगर, आवास विकास कालोनी, कल्याणी, बंधूहार, एबीनगर आदि मोहल्लों में जलभराव रहा। आवास विकास कालोनी में तो भाजपा नेता अरुण दीक्षित घर के सामने पानी भरने से वह पानी के बीच में ही कुर्सी डालकर बैठ गए। सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा अधिकारियों के साथ पहुंचे और पंपसेट लगाकर पानी निकलवाया।
विज्ञापन

वहीं विकासखंड सिकंदरपुर सरोसी की ग्राम पंचायत मोमिनपुर में हुई बारिश के बाद गांव के कुम्हारनटोला से लेकर पंचायत भवन के बीच कई मोहल्लों में पानी भर गया। गांव के राहुल, श्रीकृष्ण, बउवा राठौर व राजा आदि के घरों में बरसात का पानी घुस गया। ग्रामीण पूरा दिन अपने घरों से पानी निकालने में जुटे रहे। कई लोगों की पूरी गृहस्थी डूब गई। ग्राम प्रधान महावीर ने बताया कि 15 वर्ष पूर्व पंचायत भवन से कुम्हारन मोहल्ले तक 70 मीटर नाला बनाया गया था। नए मकान बन जाने से वह बंद हो गया है। इसके चलते पानी भर गया है। मौरावां में हुई तेज बारिश से हिलौली से बचुआखेड़ा लिंक मार्ग में रामलीला मैदान तक पानी भर गया। दो साल पहले जलनिकासी के लिए बना नाला किसी काम नहीं आया। लोगों को मदाखेड़ा, रावतखेड़ा, रामबक्सखेड़ा आदि गांवों के सैकड़ों लोगों को तीन किमी दूर के चक्कर लगाना पड़ रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


---


धान रोपाई के दौरान बिजली गिरने से किसान की मौत
बांगरमऊ (उन्नाव)। बिजली गिरने से धान रोपाई कर रहे किसान की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बांगरमऊ तहसील के अलौलापुर गांव निवासी रमाकांत के खेत में धान की रोपाई हो रही थी। रमाकांत का 22 वर्षीय बेटा राहुल भी खेत में था। अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। चपेट में आकर राहुल झुलस गया। घटना के समय पिता रमाकांत दूसरे खेत में धान की पौध लेने गए थे। लौटने पर बेटे राहुल को तड़पता देख आसपास के खेत में मौजूद लोगों को बुलाया। उसे अस्पताल लेकर जाते इससे पहले ही उस की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह ने बताया कि बिजली गिरने से हादसा होना बताया जा रहा है।



----
धान की रोपाई में तेजी, मक्का में भरा पानी
चकलवंशी। झमाझम बारिश से ब्लाक सिकंदरपुर सरोसी क्षेत्र के आंट घुसौली, भदेवना, पंडितखेड़ा, बेधनू आदि गांव में खेत पानी से लबालब हो गए। इससे एक तरफ धान की रोपाई में तेजी आ गई। वहीं फूल गोभी, बंद गोभी, मक्का आदि की फसल में पानी भरने से सड़ने का खतरा बढ़ गया। आंट घुसौली के किसान राजू, कमलेश व सुरेश आदि ने बताया कि मक्का का बीज खेत में बोया था। बीज अंकुरित हो गया था। अब बरसात के पानी से खेत भर गया, इससे बीज खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
----


तहसीलवार हुई बारिश मिमी में
सफीपुर-60
हसनगंज-44
पुरवा-24
बांगरमऊ-15
सदर-8
बीघापुर-5
-------------
उन्नाव/पुरवा। बारिश के दौरान हुए फाल्ट से शहर से लेकर गांव तक बिजली संकट रहा। शहर में फिर पीडीनगर उपकेंद्र की एचटी लाइन का तार टूटने से एबीनगर, आदर्शनगर, डीएसएन कालेज रोड, गदनखेड़ा सहित पांच मोहल्लों की बिजली सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक गुल रही। वहीं अन्य मोहल्लों में भी बिजली की आवाजाही लोगों को परेशान किए रही।
पुरवा बिजली उपकेंद्र में 33 केवी लाइन के केबल खराब हो जाने से कस्बा, मंगतखेड़ा, चमियानी व बाजीखेड़ा आदि फीडरों से जुड़े क्षेत्रों की शुक्रवार रात दो बजे से सप्लाई बाधित हो गई। कर्मचारियों ने शनिवार दोपहर लगभग 11 बजे केबल सही करके आपूर्ति बहाल की। नौ घंटे तक बिजली न आने से लोग बेहाल हो गए। एसडीओ अनिल वर्मा ने बताया कि केबल की मरम्मत कराने में समय लग गया था।
वहीं फतेहपुर चौरासी के कालीमिट्टी शिवराजपुर मार्ग के चौड़ीकरण में पट्टी पर डाली गई मिट्टी बरसात में बह गई। मार्ग के किनारे गांव तोरणा के पास लगे हाईटेंशन लाइन के दो खंभे भी मिट्टी के बहने से गिर गए। इससे गांव तोरणा, हिंदूपुर, भुलभुलियाखेड़ा, अर्जुनपुर, गड़ाई व खग्गापुरवा आदि की आपूर्ति बंद हो गई। जेई राजेश तिवारी ने बताया कि गिरे खंभों को सही कराकर आपूर्ति चालू करा दी गई है।

---
औरास क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमराई
औरास (उन्नाव)। हाजीपुर गोसा उपकेंद्र से हाथीखेड़ा, परौरी, औरास, जमालनगर फीडरों से जुड़े क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की जाती है। इस समय औरास नगर पंचायत व ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थिति यह है कि 16 घंटे विद्युत आपूर्ति की जगह सिर्फ पांच से छह घंटे ही उपभोक्ताओं को बिजली मिल रही है।
कभी फाल्ट तो कभी ट्रांसफार्मर में खराबी की बात कहकर 10 से 12 घंटे कटौती की जा रही है। शाम को सात से 10 बजे तक, रात में दो बजे से सुबह छह बजे तक और फिर सुबह आठ से 10 बजे तक रोस्टिंग से लोग परेशान हैं। कपिल सिंह, संजय गुप्ता, रामजी गुप्ता, रामजी अवस्थी, सुरेंद्र सिंह, राजेश कुमार आदि ने बताया कि बिजली कटौती ने परेशान कर रखा है। रातों की नींद उड़ी हुई है।
जेई रामू लोधी ने बताया कि उपलब्धता के हिसाब से आपूर्ति दी जा रही है। जैसे संकट दूर होगा, आपूर्ति ठीक होगी।

---
जांच टीम ने पाई थी नालों की अधूरी सफाई
जिला प्रशासन ने बारिश से पहले 20 मई तक शहर के सभी नालों की सफाई करने को कहा था। नगर पालिका ने नालों की सफाई का दावा भी किया। नगर पालिका ने अपनी रिपोर्ट में शहर के 84 नालों की सफाई पूरी करने की बात कही थी। डीएम गौरांग राठी ने आठ जून को अलग-अलग विभागों के 52 अधिकारियों को सभी 84 नालों की सफाई की जांच कराई। 18 जून को जांच अधिकारियों की रिपोर्ट आई तो ज्यादातर नालों की सफाई पूरी नहीं पाई गई थी।

नगर पालिका ईओ एसके गौतम ने बताया कि शनिवार सुबह तेज बारिश होने से पानी को निकलने में कुछ समय लग गया, लेकिन करीब दो घंटे में मुख्य मार्गों का जलभराव खत्म हो गया। कुछ मोहल्लों में नाली, नालों में पॉलीथिन फंसने से समस्या हुई। कर्मचारियों की टीम लगाकर तुरंत हटाया गया और जलभराव खत्म कराया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed