बारासगवर। गांव सगवर निवासी रश्मिप्रिया मिश्रा का चयन बिहार प्रांत में हुई पीसीएस परीक्षा के घोषित परिणाम में बीडीओ के पद पर हुआ है। इसी साल जून महीने में राजस्व विभाग में अंचलाधिकारी बनी थीं। सफलता से परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
बीडीओ बनीं रश्मि प्रिया ने बताया कि साल 2019 में पीसीएस परीक्षा के लिए आवेदन किया था। उसी साल पीसीएस प्री परीक्षा हुई। साल 2020 में मेंस परीक्षा हुई। इस साल अगस्त में साक्षात्कार हुआ था। सात अक्तूबर को निकले परीक्षा परिणाम में 218 रैंक हासिल कर उनका चयन बीडीओ (ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफीसर) के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि इसी साल जून में वह अंचलाधिकारी बनी थीं। पति मदन मिश्रा व्यवसायी हैं। परीक्षा की तैयारी उन्होंने यूट्यूब व ऑनलाइन कोचिंग से की। रश्मि के ससुर कमलेश कुमार मिश्र राजस्व निरीक्षक रह चुके हैं। बेटी की सफलता पर पिता प्रभाकर झा, मां किरन झा, मोहित मिश्रा, राकेश सिंह, महेश प्रकाश मिश्रा, हंसराज सिंह, राजेंद्र तिवारी व प्रधान सगवर दीक्षा मिश्रा ने खुशी जताई है।