सुल्तानपुर। भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल हो गया है। शुक्रवार को दिन भर हुई तेज धूप से एक बार फिर अधिकतम तापमान बढ़कर 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। तेज धूप से बचाव के लिए गमछे व छाते का सहारा लेना पड़ा।
भीषण गर्मी होने से अधिकतम तापमान एक बार फिर बढ़कर 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शाम होने पर गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने और हवा सामान्य गति से पुरवा चलने की संभावना जताई है। औसत तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुुमान है। इससे लोगों को अभी उमस भरी गर्मी से राहत के आसार नहीं है। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम में आर्द्रता (नमी) 60-36 फीसदी रही। दक्षिणी-पछुआ हवा की गति 3.2 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई है।