Sultanpur: बाइक को टक्कर मारकर पूर्व विधायक की एसयूवी से भिड़ी कार, हादसे में तीन लोगों की मौत, सात घायल
कादीपुर के पूर्व विधायक भगेलू राम रविवार को कादीपुर से अखंडनगर जा रहे थे। उनके काफिले में कई वाहन चल रहे थे। ब्लॉक के सामने बाइक को टक्कर मारने वाली एसयूवी ने उनके काफिले में चल रही दूसरी एसयूवी को टक्कर मार दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुल्तानपुर के अखंडनगर ब्लॉक के ठीक सामने रविवार की शाम एक बाइक को टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार एसयूवी सामने से आ रही दूसरी एसयूवी से टकरा गई। दुर्घटना में दो युवकों समेत तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के बारे में जानकारी ली।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के पारा बासूपुर गांव के समीप अखंडनगर ब्लॉक के पास रविवार की शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार एक एसयूवी ने बाइक सवार मोहनलाल (26) पुत्र दुर्बली निवासी पतजू पहाड़पुर थाना अखंडनगर को टक्कर मारते हुए सामने से आ रही दूसरी एसयूवी से टकरा गई। दुर्घटना में मोहनलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों एसयूवी के परखचे उड़ गए। बाइक सवार को टक्कर मारने वाली एसयूवी पर सवार प्रवेश (35) निवासी इब्राहिमपुर, थाना फूलपुर जिला आजमगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इसी वाहन पर सवार सिकंदर (25) पुत्र रामजीत निवासी पटना थाना अखंडनगर, सचिन (25) पुत्र संजय व गुड्डू (26) पुत्र राम तीरथ निवासीगण विशेषपुर थाना फूलपुर जिला आजमगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी एसयूवी पर सवार राम आसरे यादव (65) और दिलीप राजभर (25) पुत्र बेचनराम राजभर निवासीगण प्रतापपुर थाना अखंडनगर जिला सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। इस एसयूवी पर सवार महेंद्र यादव (55) निवासी बड़ौरा ख्वाजापुर, राजदेव वर्मा (61) निवासी पतजू पहाड़पुर, राकेश पांडेय (45) निवासी जगदीशपुर थाना अखंडनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पूर्व विधायक भगेलूराम, एसपी सोमेन बर्मा, एसओ कृष्ण मोहन मौके पर पहुंचे और जांच की। बाइक को टक्कर मारने वाली एसयूवी में शराब की बोतलें मिली हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस वाहन पर सवार लोग शराब के नशे में थे। अखंडनगर पुलिस ने मृतकों का शव कब्जे में लेते हुए मृतकों व घायलों के परिवारीजनों को सूचना दे दी है। मौके पर पहुंचे डीएम रवीश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने घटना के बारे में जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने सीएचसी पर भर्ती घायलों का हालचाल लेते हुए बेहतर इलाज का निर्देश दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घायलों व मृतकों के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए हैं।
पूर्व विधायक के काफिले में चल रही थी हादसे की शिकार एसयूवी
कादीपुर के पूर्व विधायक भगेलू राम रविवार को कादीपुर से अखंडनगर जा रहे थे। उनके काफिले में कई वाहन चल रहे थे। ब्लॉक के सामने बाइक को टक्कर मारने वाली एसयूवी ने उनके काफिले में चल रही दूसरी एसयूवी को टक्कर मार दी। जिससे एसयूवी पर सवार राम आसरे यादव, दिलीप राजभर की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पूर्व विधायक समेत अन्य समर्थक मौके पर एकत्र हो गए और घायलों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया।
घर में खुशी का माहौल मातम में तब्दील
अखंडनगर थाना क्षेत्र के पतजू पहाड़पुर गांव निवासी सिकंदर के घर रविवार को मांगलिक कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर निवासी प्रवेश पतजू पहाड़पुर गांव आया था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद प्रवेश आदि पार्टी मनाने के लिए अखंडनगर ब्लॉक के पास गए थे। वापस लौटते समय हादसा हो गया। पुलिस ने घायलों व मृतकों के परिवारीजनों को सूचना दे दी है।