बेशर्म सिस्टम: मेडिकल कॉलेज में रातभर तड़पी बुजुर्ग, तोड़ दिया दम, देखने नहीं आए डॉक्टर; अब FIR की दे रहे धमकी
सुल्तानपुर में मेडिकल कॉलेज में भर्ती बुजुर्ग महिला रातभर तड़पती रही। सुबह इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया। परिजन मिन्नतें करते रहे, लेकिन कोई डॉक्टर देखने तक नहीं आया। अब उल्टा परिजनों पर ही FIR कराने की धमकी दी जा रही है।
विस्तार
यूपी के सुल्तानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती बुजुर्ग महिला की शनिवार सुबह मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि हालत बिगड़ने पर डॉक्टर समय पर नहीं आए। उपचार न मिलने के कारण महिला रातभर तड़पती रही। सुबह दम तोड़ दिया। घटना के बाद नाराज परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के चौथे तल पर हंगामा किया। शव लेने से इन्कार कर दिया है।
कादीपुर थाना क्षेत्र के शोधनपुर गांव निवासी बेबी ओझा ने बताया कि उनकी मां को शुक्रवार शाम करीब 4 बजे लगातार उल्टियों की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। शुरुआती तौर पर मामूली उपचार किया गया। इसके बाद महिला को चतुर्थ तल पर बेड पर छोड़ दिया गया।
रातभर परिजन डॉक्टरों और स्टाफ से गुहार लगाते रहे
बेबी ओझा का कहना है कि रातभर हालत बिगड़ती रही। बार-बार बुलाने के बावजूद कोई चिकित्सक देखने नहीं आया। उनकी मां को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। समय रहते इलाज मिलता तो उनकी जान बच सकती थी। रातभर वह डॉक्टरों और स्टाफ से गुहार लगाती रहीं, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। सुबह उनकी मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि इलाज में लापरवाही का सवाल उठाने पर उन्हें मुकदमा दर्ज करने की धमकी भी दी गई। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने मोबाइल से वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई।
लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी
प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। अगर, इलाज में लापरवाही सामने आई तो संबंधित डॉक्टर और स्टाफ पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।