{"_id":"67566e38dc414494cf018653","slug":"body-of-young-man-was-found-lying-in-field-in-sultanpur-there-were-serious-injury-marks-on-his-face-and-head-2024-12-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP News: खेत में मिली फाइनेंस कंपनी के कर्मी की लाश, चेहरा कुचला गया... सिर पर भी गंभीर चोट; पुलिस कर रही जांच","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP News: खेत में मिली फाइनेंस कंपनी के कर्मी की लाश, चेहरा कुचला गया... सिर पर भी गंभीर चोट; पुलिस कर रही जांच
Mon, 09 Dec 2024 08:30 PM IST
भूपेन्द्र सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, सुल्तानपुर
अमर उजाला नेटवर्क, सुल्तानपुर
Published by: भूपेन्द्र सिंह
Updated Mon, 09 Dec 2024 08:30 PM IST
सार
सुल्तानपुर के दोस्पपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव खेत में फेंक दिया गया।
विज्ञापन
घटनास्थल पर लोगों की भीड़
- फोटो : संवाद
विस्तार
दोस्तपुर थानाक्षेत्र दोस्तपुर के रिहायकपुर के देवरपुर गांव में फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट की हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद शव को अरहर के खेत में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव के बगल में बाइक भी खड़ी थी। शव मिलने की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
विज्ञापन
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कपड़ों की तलाशी ली तो जेब से आधार कार्ड व बैग में 77,700 रुपये नकद मिले। आधार कार्ड से युवक की पहचान सूरज शुक्ल (28) निवासी कुत्तुपुर, छंगापुर थाना मड़ियाहूं जिला जौनपुर के रूप में हुई। खोजबीन में पता चला कि सूरज एलएंडटी फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता था। रविवार को वह वसूली करने के लिए बाइक से दोस्तपुर के पलिया गोलपुर गांव आया था।
विज्ञापन
वारदात के खुलासे के लिए दो टीमें गठित
कादीपुर के सीओ विनय गौतम का कहना है कि हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। अभी तक की जांच में यह पता चला है कि सूरज एलएंडटी कपंनी कादीपुर में कलेक्शन एजेंट का काम करता था। उसके पिता गुलाबचंद्र शुक्ल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या की गई है। वारदात के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया है।
विज्ञापन
शाम को स्विच ऑफ हुआ था मोबाइल
एलएंडटी कंपनी के जोनल मैनेजर अयोध्या अविनाश कुमार ने बताया कि सूरज दो जगह वसूली करने के बाद वह रिहायकपुर देवरपुर गांव पहुंचा था। आखिरी जानकारी यहीं आने की मिली थी। साढ़े सात बजे के बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। तब से लगातार उनकी खोजबीन की जा रही थी। ब्रांच प्रोसेस मैनेजर नीरज गौतम ने बताया कि रविवार को सूरज पलिया गोलपुर गांव में वसूली के लिए गया था। कलेक्शन के रुपये उसके बैग में मिले हैं।
सूरज की हत्या से सदमे में आया परिवार
पिता गुलाबचंद्र शुक्ल ने बताया कि सूरज उनका बड़ा पुत्र था। एक साल से वह नौकरी करता था। उसकी दो साल पहले शादी हुई थी। पत्नी अंजलि प्रयागराज की रहने वाली है। अब एक छोटा भाई रामकुमार व चार बहनें हैं। तीन बहनों की शादी हो गई है। एक अविवाहित है। भाई रामकुुमार भी अविवाहित है। सूरज कादीपुर में किराये के कमरे में रहता था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
शव से कुछ दूरी पर मिला मोबाइल
रिहायकपुर के देवरपुर गांव में सूरज के कपड़ों में रुपये, चार्जर, पॉवर बैंक व बाइक की चाबी मिली है। उसका मोेबाइल जेब में नहीं था। अरहर के खेत की जांच में पुलिस टीम को सूरज का मोबाइल फोन भी मिल गया है। मोबाइल ऑन करके पुलिस कॉल डिटेल खंगालने का प्रयास कर रही है। इससे भी हत्यारों के बारे में सुराग लग सकता है। चार महिलाओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
हत्या का रहस्य बरकरार, वजह ढूंढ़ रही पुलिस
कलेक्शन एजेंट सूरज की हत्या के पीछे क्या वजह थी, इसका पता पुलिस अभी तक नहीं लगा सकी है। उसकी जेब में मिले रुपये और शव से कुछ दूरी पर पड़ा मोबाइल किसी अन्य वजह की तरफ इशारा कर रहा है। चर्चा है कि यह हत्या रुपये के लिए नहीं बल्कि रंजिश या किसी अन्य वजह से की गई होगी।