विंढमगंज। दुद्धी ब्लॉक के महुली क्षेत्र में मलिया नदी से होने वाली पेयजल आपूर्ति पिछले करीब 15 दिनों से बंद है। इससे महुली, पतरिहा, फुलवार, पोलवा और हिराचक गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों को पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लंबे समय से आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पहले जल निगम के माध्यम से इन गांवों में पेयजल की आपूर्ति की जाती थी। बाद में हर घर जल योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना शुरू होने के बाद से ही आपूर्ति नियमित नहीं रही। कभी कुछ दिनों तक पानी आता है तो कभी कई दिनों तक आपूर्ति ठप रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 15 दिनों से लगातार पानी की आपूर्ति बंद है। ऐसे में उन्हें दूर-दराज के दूसरे जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक आपूर्ति बहाल नहीं की गई। ग्रामीण वीरेंद्र कनौजिया, राकेश कुमार, प्रमोद कुमार, संजय गुप्ता, विजेंद्र कनौजिया और राजकिशोर ने बताया कि योजना के तहत घरों तक पाइपलाइन तो पहुंचाई गई है, लेकिन नियमित पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कर नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।