सोनभद्र। मथुरा में आयोजित 11वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की अंडर-17 फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रदेश की विजेता टीम में सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल सोनभद्र के तीन खिलाड़ियों श्रेयश कश्यप, आयुष्मान तिवारी और रेमंड मूसा ने भी हिस्सा लिया। तीनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर खेल का प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में छह और सात सितंबर को मथुरा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। शनिवार को विद्यालय परिसर में तीनों खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद और विद्यालय के प्रधानाचार्य इंजीनियर सचिन चौधरी ने खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले विद्यालय के स्पोर्ट्स कोच विजय बहादुर को भी सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य सचिन चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।