सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर के फ्लाईओवर के नीचे दीवारों पर चस्पा प्रचार सामग्री हटाने का अभियान शुरू हो गया है। अमर उजाला में छपी खबर के बाद हरकत में आए नगर पालिका प्रशासन ने सभी बैनर-पोस्टर आदि हटवाए।
बताते चलें कि जिम्मेदारों की उदासीनता व लापरवाही के कारण राबर्ट्सगंज के जिन चौराहों का नगर पालिका ने एक वर्ष पूर्व सुंदरी करण कराया था, उस पर बिना अनुमति चारों तरफ बैनर-होर्डिंग और पोस्टर लगा दिए गए हैं। इससे चौराहों की सुंदरता गायब हो गई है। कुछ दिनों पूर्व अमर उजाला की ओर से प्रमुखता से उठाया गया था। इसका संज्ञान लेते हुए शनिवार को नगर पालिका के कर्मचारियों ने भगत सिंह, महात्मा गांधी, भगवान शंकर, गणेश, मां दुर्गा सहित की तस्वीरों पर लगे शहर के कतिपय व्यापारी, शैक्षणिक संस्थाओं और राजनीतिक दल के पोस्टरों को हटाना शुरू कर दिया है। ऐसे में जल्द ही चौराहों की भव्यता पुन: लौटने की उम्मीद है।