सोनभद्र: गुजरात से घर लौटे युवक का सड़ा-गला मिला शव, कुएं के पास पड़ा था कपड़ों से भरा बैग; पहुंची पुलिस
सोनभद्र में गुजरात से घर लौट रहे युवक सुनील का सड़ा-गला शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। कुएं के पास दो दिन से कपड़ों से भरा बैग और डायरी पड़ी थी। बताया जा रहा है कि सुनील गुजरात से घर के लिए निकला था, लेकिन पहुंचने से पहले ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
विस्तार
चोपन थाना क्षेत्र के कोटा खास गांव के बीच स्थित देवस्थान के पास पीपल के पेड़ के नीचे बने एक पुराने कुएं में मंगलवार की सुबह एक सुनील चेरो (30) का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव पानी में उतराया हुआ था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। गुजरात से दिवाली पर युवक घर लौट रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि कोन थाना क्षेत्र के हर्रा गांव के रोपाडंडी निवासी महेंद्र का बड़ा पुत्र सुनील चेरो गुजरात में काम करता था। वह दिवाली के अवसर पर अपने घर लौट रहा था। सोमवार की सुबह गांव के लोगों को देवस्थान के पास स्थित पुराने कुएं की तरफ से दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की।
शक होने पर जब कुएं में झांककर देखा गया तो पानी में एक व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और चोपन पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही चोपन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के बाद उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
परिजनों में मातम
ग्रामीणों के अनुसार, एक-दो दिन पहले से ही कुएं के पास काले रंग का एक बैग पड़ा हुआ था, जिसमें कपड़े और गर्म वस्त्र रखे थे। बैग के पास एक छोटी डायरी भी मिली थी। डायरी में मिले विवरण के आधार पर ग्रामीणों ने मृतक के छोटे भाई से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।
मृतक सुनील की शादी हो चुकी थी, लेकिन अभी उसकी कोई संतान नहीं थी। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि चोपन थानान्तर्गत कोटा खास गांव के बीच स्थित एक कुएं में पानी में उतराया हुआ शव बरामद हुआ है। युवक की पहचान सुनील चेरो के रूप में हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।