दीपावली की खुशी मातम में बदली: किशोरों की बाइक खंभे से टकराई, एक की मौत, तीन घायल; मेडिकल कॉलेज रेफर
रामलीला देखने जा रहे किशोरों की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो किशोरों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
बभनी थाना क्षेत्र के तेंदुअल गांव में रविवार की आधी रात रामलीला देखने जा रहे चार किशोर सड़क हादसे का शिकार हो गए। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों किशोर उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, धनवार निवासी राम शकल (13) पुत्र लालमोहन अपने साथियों दीपू (15) पुत्र रामसरन, पवन कुमार (12) पुत्र अवधेश और सूरज कुमार (15) पुत्र सुख सिंह निवासी चकबगदरीसानी के साथ घर से रामलीला देखने जा रहे थे। रविवार की रात करीब 12 बजे तेंदुअल गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
टक्कर के बाद चारों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे और चीखने-चिल्लाने लगे। किशोरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने रामशकल को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घायल दीपू, पवन और सूरज का उपचार शुरू किया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए पवन कुमार और सूरज कुमार को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मृतक किशोर के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।