सोनभद्र। लखनऊ में हुई अधिवक्ता शिशिर त्रिपाठी की हत्या के मद्देनजर गुरुवार को प्रभारी जिला जज संतोष कुमार गौतम की अगुवाई में डीएम एस राजलिंगम व एसपी आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मातहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया। उधर अधिवक्ता साथी की हत्या के विरोध में वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया। इसकी वजह से कोर्ट का कामकाज प्रभावित रहा और वादकारी परेशान रहे।
सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पांडेय एवं महामंत्री संजीव मिश्र ने अधिकारियों को वकीलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। जिस पर अधिकारियों द्वारा वकीलों का जिला प्रशासन की ओर से परिचय पत्र जारी करने का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा कोर्ट परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आम लोगों के प्रवेश के लिए भी अलग-अलग गेट निर्धारित किए जाने का आश्वासन दिया गया। इससे जहां सुरक्षा व्यवस्था ठीक रहेगी, वहीं जाम की समस्या से निजात मिलेगी। इस मौके पर विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट नेत्रपाल सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा अधिवक्ता चंद्रकांत शर्मा, विनोद चौबे, सुरेश कुमार मौर्या, धनंजय मौर्या, राजीव सिंह गौतम, उमेश पांडेय, अरुण मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, सुधी नारायण, जीएस रॉय आदि मौजूद रहे।